कांगड़ा में नशे की खेप के साथ दो गिरफ्तार

उज्जवल हिमाचल। कांगड़ा

कांगड़ा पुलिस का नशा कारोबारियों के खिलाफ अभियान निरंतर जारी है। इसी कड़ी में आज कांगड़ा पुलिस ने 11.96 ग्राम चिट्टा बरामद करने में सफलता हासिल की है। डीएसपी अंकित शर्मा ने बताया कि आरोपी बृजेश कुमार उर्फ ​​मामू जिसके खिलाफ पहले से ही एनडी एंड पीएस एक्ट के 8 मामले दर्ज हैं व राहुल उर्फ ​​रोली नामक एक अन्य व्यक्ति जोकि नशे का आदी है और तस्कर है तथा कांगड़ा-नगरोटा बगवां में विभिन्न लोगों को हेरोइन बेचने को काम करता है उसे भी कांगड़ा पुलिस ने बृजेश उर्फ ​​मामू के साथ हिरासत में लिया है। बता दें आपको कि दोनों को आईपीएच गेस्ट हाउस कांगड़ा के नजदीक एक सुनसान जगह से गिरफ्तार किया गया। जहां दोनों को हेरोइन के इंजेक्शन लेते हुए पाया गया है। उन्होंने बताया कि राहुल के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के 3 पहले भी मामले दर्ज हैं।

बृजेश उर्फ ​​मामू विभिन्न समूहों के छात्रों को निशाना बनाता था और नगरोटा बगवां के पवन और जितेंद्र बहल के साथ उसके संबंध थे। अब तीनों अन्य छोटे तस्करों के साथ सलाखों के पीछे हैं। उन्होंने कहा कि पुलिस ने हमेशा से ही नशे के खिलाफ जीरो टॉलरेंस की नीति अपनाई है और नशा तस्करों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की है। दोनों आरोपियों की गिरफ्तारी के साथ ही नगरोटा से पवन, मामू और बहल का गिरोह खत्म हो गया है। दोनों को एनडीपीएस एक्ट की विभिन्न धाराओं के तहत गिरफ्तार किया गया है और कल उन्हें अदालत में पेश किया जाएगा। अब कांगड़ा पुलिस इन तस्करों द्वारा अवैध रूप से अर्जित की गई संपत्ति को जब्त करने और नष्ट करने पर ध्यान केंद्रित करेगी। डीएसपी कांगड़ा ने कहा कि इन नशा कारोबारियों को पकड़वाने में ग्राम पंचायत प्रधान अरूण कुमार चौधरी का भी अहम योगदान रहा है।

डीएसपी अंकित शर्मा ने बताया कि नशे के खिलाफ जो अभियान चला हुआ है वो कांगड़ा पुलिस की समस्त टीम के अथक प्रयासों से ही हो पा रहा है। उन्होंने जनता से आग्रह किया है कि अगर आपके गांव या आस पड़ोस में कोई भी व्यक्ति ऐसा हो जिसकी गतिविधियां ठीक ना हों उसके बारे में आप कांगड़ा पुलिस को जानकारी दे सकते हैं। जानकारी देने वाले का नाम गुप्त रखा जाएगा।

ब्यूरो रिपोर्ट कांगड़ा

हिमाचल प्रदेश की ताजातरीन खबरें देखने के लिए उज्जवल हिमाचल के फेसबुक पेज को फॉलो करें