उज्जवल हिमाचल। कांगड़ा
दीपावली पर्व से पहले कांगड़ा पुलिस को हथियारों सहित दो लोगों को गिरफ्तार करने में सफलता मिली है। जानकारी के अनुसार पुलिस को एक गुप्त सूचना मिली थी कि दो युवक भारी मात्रा में अवैध हथियार लेकर दिल्ली से कांगड़ा की तरफ आ रहे हैं। इस सूचना के आधार पर तेज तर्रार युवा अफसर डीएसपी कांगड़ा अंकित शर्मा के नेतृत्व में एक टीम का गठन किया गया और पुराना कांगड़ा के पास नाकाबंदी की गई। नाकाबंदी के दौरान रात भर कांगड़ा की तरफ आने-जाने वाली सभी गाड़ियों की जांच की गई। इसके बाद, कांगड़ा बस स्टैंड पर दिल्ली से आने वाली वोल्वो बसों से उतरने वाले यात्रियों से पूछताछ की गई, जिसमें दो व्यक्ति जिनके पास पिठू बैग थे, संतोषजनक उत्तर नहीं दे पाए।
संदेह के आधार पर, दोनों व्यक्तियों की चैकिगं के दौरान दो पिस्टल (पिस्तौल) खाली मैगजीन सहित बरामद हुए। इस संदर्भ में, पुलिस थाना कांगड़ा में दोनों के विरुद्ध भारतीय न्याय संहिता की धारा 25 व 27 आयुध अधिनियम-1959 के तहत पंजीकृत किया गया है।
दोनों आरोपियों की पहचान सुंशात कुमार पुत्र श्याम कुमार निवासी चड़ी तथा अजयदीप सिंह पुत्र शमशेर सिंह, निवासी जिला गुरदासपुर, पंजाब के रूप में हुई। अभियोग में दोनों आरोपियों को गिरफ्तार करके उनके सही ठिकानों का पता लगाने के लिए गहन पूछताछ की जा रही है। उधर, मामले की पुष्टि करते हुए एसपी कांगड़ा शालिनि अग्निहोत्री ने बताया कि पुलिस इस मामले में जांच कर रही है।
ब्यूरो रिपोर्ट कांगड़ा