उज्जवल हिमाचल।बिलासपुर
विश्वविख्यात शक्तिपीठ श्री नैना देवी मंदिर में नववर्ष मेला श्रद्धा और उल्लास के साथ संपन्न हो गया। नववर्ष के अवसर पर आयोजित इस मेले में करीब डेढ़ लाख से अधिक श्रद्धालुओं ने माता श्री नैना देवी के दरबार में हाजिरी लगाकर नए साल का शुभारंभ किया। श्रद्धालुओं ने माता रानी से पूरे वर्ष परिवार पर कृपा बनाए रखने और सुख-समृद्धि की कामना की। नववर्ष की पूर्व संध्या से लेकर देर रात तक मंदिर परिसर में श्रद्धालुओं की भारी भीड़ उमड़ी रही।
दर्शन व्यवस्था को सुचारू बनाए रखने के लिए मंदिर के बाहर होमगार्ड के जवानों और समाजसेवी संस्थाओं के स्वयंसेवकों ने मोर्चा संभाला, जबकि मंदिर के भीतर एक्स-सर्विसमैन जवानों ने श्रद्धालुओं को अनुशासित ढंग से कतारों में दर्शन करवाए। नववर्ष मेले के दौरान सभी विभागों की व्यवस्थाएं पूरी तरह से चाक-चौबंद रहीं। पेयजल, विद्युत, लोक निर्माण, स्वास्थ्य और परिवहन विभाग ने बेहतर समन्वय के साथ अपनी सेवाएं प्रदान कीं। वहीं, श्री नैना देवी नगर परिषद ने साफ-सफाई व्यवस्था को लेकर विशेष ध्यान रखा और शहर को स्वच्छ बनाए रखा। श्रद्धालुओं ने भजन-कीर्तन, जयकारों और भांगड़ा डालते हुए माता के दरबार में अपनी श्रद्धा प्रकट की। भक्तों के उत्साह और भक्ति भाव से पूरा वातावरण भक्तिमय बना रहा। कुल मिलाकर श्री नैना देवी में आयोजित नववर्ष मेला शांतिपूर्ण, सुव्यवस्थित और भक्तिमय माहौल में सफलतापूर्वक संपन्न हुआ।
संवाददाता:सुरेन्द्र जम्वाल





