उज्जवल हिमाचल। शाहपुर
शाहपुर विधानसभा क्षेत्र के लंज इलाके में भारतीय जनता पार्टी को उस समय नई मजबूती मिली, जब क्षेत्र के कई युवाओं ने भाजपा की सदस्यता ग्रहण कर पार्टी के साथ जुड़ने का निर्णय लिया। भाजपा किसान मोर्चा के प्रदेश आईटी संयोजक प्रणव शर्मा के नेतृत्व में आयोजित कार्यक्रम में युवाओं का पार्टी में स्वागत किया गया।
भाजपा का दामन थामने वालों में आदित्य मेहरा, रोहन कुमार, अर्णव मेहरा, हर्ष शर्मा, अनिल राणा, रितिक शर्मा तथा विक्रम कुमार शामिल हैं। इस अवसर पर प्रणव शर्मा ने सभी नए सदस्यों का भाजपा परिवार में स्वागत करते हुए कहा कि उनके जुड़ने से संगठन को क्षेत्र में और अधिक मजबूती मिलेगी तथा पार्टी की विचारधारा को जन-जन तक पहुंचाने में सहयोग मिलेगा।
कार्यक्रम में लदवाड़ा मंडल के मंडल महामंत्री जसविंदर जस्सू, मंडल सचिव योगेश धीमान, किसान मोर्चा के जिला आईटी संयोजक गणेश कुमार तथा भाजपा के वरिष्ठ कार्यकर्ता एवं पूर्व शाहपुर मंडल महामंत्री हंसराज भी विशेष रूप से उपस्थित रहे।
इस दौरान प्रणव शर्मा ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में केंद्र सरकार द्वारा संचालित जनकल्याणकारी योजनाओं और विकास कार्यों से प्रभावित होकर बड़ी संख्या में युवा भाजपा से जुड़ रहे हैं। उन्होंने नए सदस्यों से संगठन को मजबूत करने, पार्टी की नीतियों को घर-घर तक पहुंचाने और समाज सेवा में सक्रिय भूमिका निभाने का आह्वान किया।
उन्होंने विश्वास जताया कि युवाओं की भागीदारी से शाहपुर विधानसभा क्षेत्र में भाजपा का संगठन और अधिक सशक्त होगा तथा पार्टी आगामी समय में भी जनहित के मुद्दों को प्राथमिकता के साथ आगे बढ़ाती रहेगी।





