राज्य पेंशनर वेलफेयर एसोसिएशन के निर्विरोध वरिष्ठ उपाध्यक्ष चुने गए : कल्याण भंडारी

उज्ज्वल हिमाचल। कांगड़ा

राज्य पेंशनर वेलफेयर एसोसिएशन की कार्यकारिणी का चुनाव रविवार को सुंदरनगर में संपन्न हुआ। जिसमें आत्मा राम को एसोसिएशन का प्रदेश अध्यक्ष चुना गया जबकि मंडी, शिमला और कांगड़ा जोन से तीन वरिष्ठ उपाध्यक्ष चुने गए। जिसमें पूर्व कर्मचारी नेता कल्याण भंडारी कांगड़ा जोन से वरिष्ठ उपाध्यक्ष के पद के लिए निर्विरोध चुने गए। बता दें कि राज्य पेंशनर वेलफेयर एसोसिएशन हिमाचल का सबसे बड़ा कर्मचारी संगठन है जिसके 1,80,000 से अधिक सदस्य हैं जिसमें डेढ़ लाख के करीब सक्रिय सदस्य हैं। प्रदेश के सबसे बड़े कर्मचारी संघ में राज्य स्तरीय पद पर चंगर क्षेत्र से किसी कर्मचारी नेता का निर्विरोध चुना जाना क्षेत्र के लिए गर्व का विषय है।

राज्यभर से कई कर्मचारी नेताओं ने उन्हें उच्च पद पर चुने जाने पर बधाई व शुभकामनाएं दी हैं। गौरतलब है कि इससे पहले कल्याण भंडारी प्रदेश प्रवक्ता संघ के प्रदेशाध्यक्ष एवं महासचिव पदों पर कार्य कर चुके हैं। प्रधानाचार्य के पद से सेवानिवृत्त होने के बाद वे समाजसेवा में भी सक्रिय भूमिका निभाते हैं। चुनाव के बाद दिए गए अपने वक्तव्य में उन्होंने कहा कि हिमाचल प्रदेश के सभी पेंशनर्स साथियों का पेंशनर्स वेल्फेयर एसोसिएशन की राज्य कार्यकारिणी में वरिष्ठ उपाध्यक्ष पद पर निर्विरोध चुनाव के लिए हार्दिक आभार व्यक्त करते हुए विश्वास दिलाता हूं कि उनकी अपेक्षाओं और आकांक्षाओं पर खरा उतरने की कोशिश कर विशेष रूप से जनवरी 2016 और जनवरी 2022 के मध्य रिटायर हुए कर्मचारियों के वित्तीय लाभों के बकाया एरियर के भुगतान को लेकर पूरी जिम्मेदारी से संघर्षरत रहूंगा ।