हिसार की घटना पर फूटा वाल्मीकि समाज का गुस्सा, DC कांगड़ा के माध्यम से CM हरियाणा को सौंपा गया ज्ञापन

गणेश की मौत पर न्याय की मांग, वाल्मीकि महासभा हिमाचल प्रदेश ने जताया कड़ा विरोध

उज्ज्वल हिमाचल । धर्मशाला

अखिल भारतीय वाल्मीकि महासभा हिमाचल प्रदेश द्वारा जिला कांगड़ा में एक विरोध प्रदर्शन का आयोजन किया गया। महासभा ने प्रदेश अध्यक्ष दीपक लहोरवी की अध्यक्षता में उपायुक्त जिला कांगड़ा के माध्यम से हरियाणा सरकार के मुख्यमंत्री को एक ज्ञापन सौंपा। यह ज्ञापन हरियाणा के हिसार जिले के 12 क्वार्टर क्षेत्र में वाल्मीकि परिवार पर हुई बर्बर पुलिस कार्रवाई और एक मासूम बच्चे की मौत के विरोध में दिया गया। प्राप्त जानकारी के अनुसार, कुछ दिन पहले 14 वर्षीय गणेश का जन्मदिन परिवारजनों और रिश्तेदारों द्वारा घर पर ही मनाया जा रहा था। घर में सीमित साउंड में बुफर के माध्यम से गाने चल रहे थे। यह डीजे नहीं था, जिसके लिए किसी प्रकार की अनुमति की आवश्यकता होती।

रात लगभग 11 बजे पुलिस वहां पहुंची और बुफर को बंद करवाने लगी। जब परिजनों ने विरोध किया और बताया कि साउंड केवल घर तक सीमित है, तो पुलिसकर्मियों ने धक्का-मुक्की शुरू कर दी और अन्य पुलिस कर्मियों को भी बुला लिया। प्रदेश अध्यक्ष दीपक लहोरवी ने कहा कि यह घटना अत्यंत दुर्भाग्यपूर्ण और अमानवीय है। राष्ट्रीय वरिष्ठ उपाध्यक्ष सुदेश सहोंतरा और राष्ट्रीय प्रमुख महासचिव राकेश गिल ने संयुक्त बयान में कहा कि घटना के कई दिन बीत जाने के बाद भी दोषी पुलिसकर्मियों के खिलाफ अब तक कोई एफआईआर दर्ज नहीं की गई है। उल्टा प्रशासन पीड़ित परिवार को ही दोषी ठहराने में जुटा है, जिसे वाल्मीकि समाज कभी स्वीकार नहीं करेगा। नेताओं ने मांग की कि शराबी पुलिस कर्मियों के खिलाफ भारतीय दंड संहिता की धारा 102, 103 और सेक्शन 109 के तहत कड़ी कार्रवाई की जाए और पीड़ित परिवार को न्याय दिलाया जाए।

इस मौके पर संगठन के कई पदाधिकारी मौजूद रहे, जिनमें प्रमुख रूप से राष्ट्रीय वरिष्ठ उपाध्यक्ष सुदेश सहोंतरा, राष्ट्रीय महासचिव राकेश गिल, प्रदेश अध्यक्ष दीपक लहोरवी, प्रदेश उपाध्यक्ष अतुल कुमार, विकास गिल, संगठन सचिव विक्रम मल्होत्रा, कार्यकारिणी सदस्य अनूप सहोंतरा, जिला उपाध्यक्ष आशीष कुमार, महासचिव तिलक चौहान, अजय हंस, समक्ष संधू, प्रताप सिंह (किसान मोर्चा), और रविदास संगठन से दलजीत और सुरेश कुमार शामिल थे। वाल्मीकि महासभा ने चेतावनी दी कि यदि जल्द कार्रवाई नहीं हुई तो यह आंदोलन और तेज किया जाएगा।