उज्जवल हिमाचल। देहरा
स्टेट विजिलेंस एंड एंटी करप्शन ब्यूरो नोर्थ रेंज धर्मशाला हिमाचल प्रदेश राज्य खाद्य एवं नागरिक आपूर्ति निगम कांगड़ा के देहरा स्टोर से करीब एक करोड़ का 1500 क्विंटल राशन गायब करने वाले स्टोर इंचार्ज पर मामला दर्ज किया है। विजीलैंस जांच में सिविल सप्लाई के स्टोर इंचार्ज संजीव कुमार का बड़ा घोटाला पाया गया है। जिसके चलते उक्त आरोपी के खिलाफ आईपीसी की विभिन्न धाराओं 409, 420, 465, 468, 471 और सैक्शन 3 व 7 के आवश्यक वस्तु अधिनियम 1955 के तहत विजीलैंस थाना धर्मशाला में मामला दर्ज किया है। इसके चलते अब हर पहलू की कड़ी छानबीन होगी। सिविल सप्लाई के इंचार्ज ने डिपुओं के माध्यम से देहरा के विभिन्न क्षेत्रों में भेजे जाने वाली सस्ते सबसिडी मूल्य वाले राशन की सप्लाई को गायब करने के कारनामे को अंजाम दिया था। इस संबंध में विजिलेंस थाना नोर्थ जोन धर्मशाला के एसपी बलबीर सिंह ने बताया कि आरोपी के खिलाफ आरोप सही पाए गए हैं, जिसके आधार पर विभिन्न धाराओं में मामला दर्ज कर अब जांच तेज कर दी गई है।