जयराम ठाकुर के बयान पर विक्रमादित्य सिंह का पलटवार

Vikramaditya Singh's counterattack on CM Jai Ram Thakur's statement,
विकास मॉडल को नकारना स्वस्थ लोकतांत्रिक परंपरा का है तिरस्कार!
मंडी: मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर द्वारा मंडी जिला के करसोग क्षेत्र के दौरे के दौरान वीरभद्र सिंह विकास मॉडल पर की गई टिप्पणी पर शिमला ग्रामीण विधायक एवं प्रदेश कांग्रेस कमेटी महासचिव विक्रमादित्य सिंह ने पलटवार किया है। विक्रमादित्य सिंह ने कहा कि मुख्यमंत्री द्वारा इस प्रकार की बयानबाजी करना दुर्भाग्यपूर्ण है।
वीरभद्र सिंह के विकास मॉडल को नकारना प्रदेश की स्वस्थ लोकतांत्रिक परंपरा का तिरस्कार है। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर के ड्रीम प्रोजेक्ट मंडी अंतरराष्ट्रीय हवाईअड्डा में बीते पांच साल से एक ईंट का पत्थर नहीं लग पाया है। विक्रमादित्य सिंह ने कहा कि प्रदेश के अस्तित्व में लाने के बाद प्रथम मुख्यमंत्री डॉ. यशवंत सिंह परमार के बाद कांग्रेस की सरकारों ने हिमाचल के विकास में अहम भूमिका निभाई है।

यह भी पढ़ेंः इस पिता ने 2 माह की बेटी के लिए चांद पर खरीदी ज़मीन

जयराम ठाकुर प्रदेश में किस विकास के मॉडल को लाना चाहते हैं। जिसमें सरकार का अपने अधिकारियों पर कोई नियंत्रण नहीं है। सुबह लिए गए निर्णयों को शाम को वापिस ले लिया जाता है। उन्होंने कहा कि प्रदेश की जयराम ठाकुर सरकार के कार्यकाल में 65 हजार करोड़ में से 45 हजार करोड़ का ऋण लेने की उपलब्धि है। मुख्यमंत्री का बयान विधानसभा चुनावों में भाजपा की हार के डर के कारण बौखलाहट में दिया गया है।
आखिर क्या है माजरा….
मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर ने अपने मंडी जिला के करसोग विधानसभा क्षेत्र दौरे के दौरान कहा था कि कुछ लोग कह रहे हैं कि उन्होंने वर्षों राज किया है, लेकिन वर्षों राज करने से कुछ नहीं होता। कुछ लोग लंबे-लंबे भाषण दे रहे हैं और वीरभद्र सिंह मॉडल की बात कह रहे हैं, लेकिन यह मॉडल क्या है। आज इसी मॉडल की वजह से हिमाचल प्रदेश बेरोजगारी और कर्जे के बोझ के नीचे दबा हुआ है।

संवाददाताः उमेश भारद्वाज।

हिमाचल प्रदेश की ताजातरीन खबरें देखने के लिए उज्जवल हिमाचल यूट्यूब चैनल सब्सक्राइब करें।