होम क्वारंटीन का पालन करना समझ रहे शान के खिलाफ

उज्जवल हिमाचल। फतेहपुर

जिला कांगड़ा के उपमंडल फतेहपुर में होम क्वारंटीन का पालन करना कुछ लोग शान के खिलाफ समझ रहे हैं। तभी तो उपमंडल फतेहपुर की भिन्न -भिन्न पंचायतों में बाहरी राज्यों से आये लोग होम क्वारंटीन का पूरा पालन नहीं कर रहे हैं। यहां यह भी कहा जा सकता है कि पंचायती राज विभाग के प्रतिनिधि और कर्मचारी भी सरकारी निर्देशों से, लोगों को सही तरीके से अवगत करवाने में असफल हो रहे हैं। जिला प्रशासन बार-बार निर्देश दे रहा है कि बाहरी राज्यों से आए लोगों व उनके परिजनों को 28 दिन तक होम क्वारेंटीन में रहना होगा, बावजूद इसके कुछ लोग क्षेत्र में बेखौफ होकर घूम रहे हैं। वहीं उनके परिजन भी बाजारों तक पहुंचकर अपने कामकाज निपटा रहे हैं।

क्षेत्र के बुद्धिजीवी वर्ग ने प्रशासन से अपील की है कि बाहरी राज्यों से आए लोगों के मोबाइल ट्रेस करते हुए उनकी निगरानी रखने के लिए तैनात प्रतिनिधियों व कर्मियों की जवाबदेही भी सुनिश्चित की जाए। ताकि पहले से क्षेत्र में रह रहे लोगों में किसी भी तरह का ख़ौफ़ न पनप पाए। वहीं लोगों को भी अपनी जिम्मेदारी समझनी चाहिए और सरकार व प्रशासन द्वारा दिए गए निर्देशों का गंभीरता से पालन करना चाहिए। क्योंकि हमारी जरा सी चूक यह महामारी फैलाने में देर नहीं लगाएगी और तब संभलना मुश्किल हो सकता है।

इस बारे में जिलाधीश कांगड़ा ने भी सख्त निर्देश जारी किए हैं और लोगों को भी होम क्वारेंटीन की अवहेलना करने वालों की जानकारी देने की अपील की है। जिला कांगड़ा में होम क्वारेंटीन की अवहेलना करने वाले लोगों की जानकारी 8988800100 नंबर पर व्हाट्सएप के माध्यम से दी जा सकती है। सूचना देने वाले व्यक्ति की पहचान गुप्त रखी जाएगी। इसके अलावा संबंधित क्षेत्र के पुलिस थाना या फिर एसडीएम से भी संपर्क किया जा सकता है।