उज्ज्वल हिमाचल। पालमपुर
विवेकानंद मेडिकल इंस्टिट्यूट, पालमपुर ने अपने अध्यक्ष पूर्व मुख्यमंत्री शांता कुमार ने विवेकानंद मेडिकल रिसर्च ट्रस्ट के मार्गदर्शन और प्रेरणा से हाल ही में आई प्राकृतिक आपदा से प्रभावित लोगों की सहायता हेतु मुख्यमंत्री आपदा राहत कोष में 5.21 लाख का योगदान दिया है।
यह राशि एयर कमोडोर डॉ. विमल दुबे, प्रमुख, विवेकानंद मेडिकल इंस्टिट्यूट द्वारा डिमांड ड्राफ्ट के रूप में उपमंडलाधिकारी पालमपुर, सुश्री नेत्रा मेति, आईएएस को भेंट की गई। इस योगदान में केवल प्रबंधन ही नहीं, बल्कि पूरा वीएमआई परिवार -कंसल्टेंट्स, चिकित्सक, नर्सिंग स्टाफ, पैरामेडिक्स, सहयोगी कर्मचारी एवं आउटसोर्स स्टाफ ने स्वेच्छा से अपना अंशदान दिया। प्रबंधन ने भी इसमें उदार सहयोग जोड़कर इसे सामूहिक प्रतिबद्धता और एकजुटता का प्रतीक बनाया।
इस अवसर पर डॉ. विमल दुबे ने कहा, यह हिमाचल प्रदेश की जनता के साथ खड़े होने का हमारा छोटा-सा प्रयास है। हमें विश्वास है कि यह योगदान राहत एवं पुनर्वास कार्यों में सहायक होगा और प्रभावित परिवारों को संबल प्रदान करेगा। विवेकानंद मेडिकल इंस्टिट्यूट ने एक बार फिर यह संकल्प दोहराया कि वह न केवल आधुनिक स्वास्थ्य सेवाएं प्रदान करेगा, बल्कि संकट और आपदा की घड़ी में भी समाज के साथ मजबूती से खड़ा रहेगा।





