उज्जवल हिमाचल। नादौन
रावमापा कन्या नादौन में मंगलवार को सड़क सुरक्षा जागरूकता पर विशेष कार्यक्रम का आयोजन किया गया। जानकारी देते हुए नरेश मलोटिया ने बताया कि इस कार्यक्रम की अध्यक्षता प्रधानाचार्या मंजू रानी ने की, जबकि नादौन थाने के एसएचओ निर्मल सिंह बतौर मुख्य अतिथि तथा एसआई देवानंद बतौर विशिष्टातिथि उपस्थित रहे। इस कार्यक्रम का आयोजन सड़क सुरक्षा जागरूकता प्रभारी विशाल डोगरा द्वारा किया गया जिसमें नारा लेखन, निबंध लेखन, पेंटिंग तथा भाषण आदि प्रतियोगिताओं का आयोजन भी किया गया। विद्यालय की छात्राओं ने अपनी रचनात्मकता के माध्यम से सड़क सुरक्षा के प्रति जागरूकता फैलाने का संदेश दिया। एसएचओ निर्मल सिंह ने यातायात नियमों का पालन करने, दोपहिया वाहन चलाते समय हेलमेट पहनने और सड़क पर सतर्क रहने की सलाह दी।
उन्होंने छात्राओं को सड़क दुर्घटनाओं के प्रमुख कारणों और उनसे बचने के उपायों के बारे में भी जागरूक किया। विद्यालय में संपन्न हुई प्रतियोगिताओं के उच्च माध्यमिक वर्ग के हिंदी भाषण में सरोजिनी नायडू सदन की कृतिका और अंग्रेजी भाषण में सरोजिनी नायडू सदन की रिद्धिमा ने प्रथम स्थान प्राप्त किया। इसी प्रकार वरिष्ठ माध्यमिक वर्ग के हिंदी भाषण में सरोजिनी नायडू सदन की सारिका और अंग्रेजी भाषण में कल्पना चावला सदन की शाइना ने प्रथम स्थान प्राप्त किया। इसके अतिरिक्त वरिष्ठ माध्यमिक वर्ग के हिंदी निबन्ध लेखन में सावित्रीबाई फुले सदन की रिद्धिमा और अंग्रेजी निबन्ध लेखन में सावित्रीबाई फुले सदन की भूमिका ने प्रथम स्थान प्राप्त किया।
इसके अतिरिक्त विद्यालय माध्यमिक वर्ग में नारा लेखन में प्रीति तथा पेंटिंग प्रतियोगिता में जीविका ने प्रथम स्थान प्राप्त किया। उच्च माध्यमिक वर्ग की पेंटिंग प्रतियोगिता में दसवीं कक्षा की रिचु ने प्रथम स्थान प्राप्त किया। इस उपलक्ष्य पर सभी विजेता छात्राओं को मुख्य अतिथि द्वारा सम्मानित किया गया। अन्त में प्रधानाचार्या मंजू रानी ने सभी छात्राओं को संबोधित करते हुए कहा कि सड़क सुरक्षा का ज्ञान प्रत्येक नागरिक के लिए अनिवार्य है और इस प्रकार के कार्यक्रम बच्चों को जिम्मेदार नागरिक बनने के लिए प्रेरित करते हैं। कार्यक्रम का समापन सभी उपस्थित लोगों को सड़क सुरक्षा नियमों का पालन करने की शपथ दिलाने के साथ हुआ। इस उपलक्ष्य पर उप-प्रधानाचार्य परमजीत सिंह सहित निर्णायक राजेश कुमार, राकेश कुमार, नीना धीमान, वनिता, अजय कुमार आदि समस्त अध्यापक उपस्थित रहे।