मौसम ने बदली करवट, चार दिन खराब रहने का अनुमान

ऊना, बिलासपुर, हमीरपुर और कांगड़ा के लिए येलो अलर्ट जारी

उज्जवल हिमाचल। शिमला

प्रदेश में शनिवार को मौसम ने करवट बदल ली है। तीन से सात जनवरी तक पूरे प्रदेश में मौसम खराब रहने की संभावना है। चार और पांच जनवरी को अधिक बारिश और बर्फबारी के आसार हैं। इन दो दिनों के दौरान मैदानी जिलों ऊना, बिलासपुर, हमीरपुर और कांगड़ा में अंधड़ चलने का येलो अलर्ट भी जारी किया गया है। पश्चिमी विक्षोभ की सक्रियता से मौसम में यह बदलाव आ रहा है। शक्रवार को राजधानी शिमला सहित प्रदेश के सभी क्षेत्रों में मौसम साफ रहा। धूप खिलने से मौसम में ठंडक भी कम हुई। शुक्रवार को सोलन में अधिकतम तापमान 21.0, कांगड़ा 20.2, सुंदरनगर 19.7, भुंतर 18.6, बिलासपुर 18.5, हमीरपुर 18.2, चंबा 18.0, नाहन 17.8, ऊना 17.7, शिमला 16.1, धर्मशाला 13.8, कल्पा 11.6, डलहौजी 10.1 और केलांग में 0.4 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड हुआ।

हिमाचल में साल 2020 की आखिरी रात वीरवार को प्रदेश में कम ठंड रही। सिर्फ केलांग और कल्पा में न्यूनतम तापमान माइनस में रिकॉर्ड हुआ। केलांग में न्यूनतम तापमान माइनस 8.4 और कल्पा में माइनस 0.6 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड हुआ। प्रदेश के अन्य क्षेत्रों में न्यूनतम तापमान बीते दिनों के मुकाबले अधिक रहा।