साइबर ठगी का शिकार हुई महिला, शातिरों ने लगाई लाखों की चपत

उज्ज्वल हिमाचल। ऊना

तकनीक के इस दौर में जहां एक ओर जीवन आसान हो गया है, वहीं दूसरी ओर साइबर अपराध भी तेजी से बढ़ते जा रहे हैं। हरोली उपमंडल के एक गांव की महिला के साथ ऐसा ही एक मामला सामने आया है, जिसमें अंजान शातिर व्यक्ति ने उसे ठगी का शिकार बनाते हुए 5 लाख रुपए से अधिक की रकम हड़प ली। महिला की शिकायत पर अब साइबर सैल मामले की जांच कर रहा है।

पीड़ित महिला ने बताया कि 1 और 2 अगस्त को उसे एक अनजान नंबर से कॉल आया। कॉल करने वाले ने खुद को कस्टम विभाग से जुड़ा हुआ बताया और कहा कि विदेश से उसका एक पार्सल आया है, जिसमें जेवरात और नकदी है। महिला हैरान रह गई, क्योंकि उसने कोई पार्सल मंगवाया ही नहीं था, लेकिन कॉलर की बातों और झांसे में आकर वह उलझती चली गई।

कुछ देर बाद फिर से उसी व्यक्ति का कॉल आया। उसने बताया कि पार्सल कस्टम में फंस गया है और उसे छुड़वाने के लिए शुल्क देना होगा। महिला ने उस पर विश्वास करते हुए स्कैनर के जरिए ऑनलाइन ट्रांजैक्शन कर दिया। इसके बाद तो जैसे कॉल्स और पैसों की मांग का सिलसिला शुरू हो गया। आरोपी हर बार कोई नया बहाना बनाकर और अधिक पैसे मंगवाता रहा।

महिला ने अपनी घरेलू स्थिति को देखते हुए भी उस पर भरोसा बनाए रखा। परिवार में एक बुजुर्ग का इलाज चल रहा था और उसने सोचा कि शायद विदेश से आई नकदी और जेवर उनके लिए राहत बन सकते हैं। धीरे-धीरे महिला ने 5 लाख रुपये से भी ज्यादा की राशि उस अजनबी के बताए खातों में ट्रांसफर कर दी। यहां तक कि रकम जुटाने के लिए उसने अपने गहने तक गिरवी रख दिए।