हिमाचलः गांजे की बड़ी खेप के साथ पुलिस के हत्थे चड़ा कबाड़ी

1 क्विंटल 36 किलो 654 ग्राम गांजा किया बरामद

उज्जवल हिमाचल। ऊना

ऊना में पुलिस ने नशे की बड़ी खेप बरामद की है। पुलिस ने एक आरोपी को भी गिरफ्तार किया है। जानकारी के अनुसार, ऊना की अम्ब पुलिस ने नशे की यह बड़ी खेप पकड़ी है। पुलिस ने टकारला में एक व्यक्ति को 1 क्विंटल से अधिक गांजे की खेप के साथ गिरफ्तार किया है। आरोपी के खिलाफ नारकोटिक्स अधिनियम के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

अम्ब पुलिस को गुप्त सूत्रों से सूचना मिली थी कि बाहरी राज्य का व्यक्ति क्षेत्र में अवैध नशे का कारोबार करता है। सूचना पुख्ता होने पर बुधवार को पुलिस ने उक्त युवक के ठिकाने पर दबिश देते हुए उसके पास से 1 क्विंटल 36 किलो 654 ग्राम गांजा बरामद किया। गिरफ्तार युवक की पहचान गोपी (35) के रूप में हुई है। आरोपी दिलवा टकारला पुल के पास झोपड़ी में रहता है और कबाड़ इकठा करने का काम करता है। उसने गांजे की खेप को छोटे-छोटे पैकेट में भर कर ग्राहकों को देने के लिए तैयार कर रखा था।

  • क्या कहते हैं ऊना एसपी?

पुलिस अब यह पता लगाने की कोशिश कर रही है कि आरोपित गांजे की इतनी बड़ी खेप कहां से लेकर आया और कब से इस धंधे में हाथ आजमा रहा है और वह किन-किन लोगों को इसकी सप्लाई करता था। एसपी ऊना अर्जित सेन ठाकुर ने मामले की पुष्टि करते हुए बताया कि पुलिस ने एक युवक को गांजे की बड़ी खेप के साथ गिरफ्तार किया है। पुलिस इसे कोर्ट में पेश कर इसका रिमांड हासिल करेगी, ताकि इस मामले में जांच आगे बढ़ सके।