द्रुमट-बैहली में 40 लोगों ने थामा भाजपा का हाथ

उमेश भारद्वाज। सुंदरनगर
सुंदरनगर विधानसभा क्षेत्र के अंतर्गत कांग्रेस पार्टी को करारा झटका लगा है। क्षेत्र की दुर्गम पंचायत द्रुमट-बैहली के 26 परिवारों के 40 सदस्यों ने कांग्रेस का दामन छोड़कर भारतीय जनता पार्टी का हाथ थाम लिया है। इस मौके पर विधायक राकेश जंवाल ने कहा कि जो लोग कांग्रेस छोड़ भाजपा में आए हैं वह अब भाजपा परिवार के सदस्य हैं। उन्होंने कहा कि जो मान सम्मान भारतीय जनता पार्टी के कार्यकर्ताओं को मिलता है वही मान सम्मान इन सभी को मिलेगा। उन्होंने कहा कि इस प्रकार से लोगों का कांग्रेस का साथ छोड़ने का कारण भाजपा द्वारा सुंदरनगर में करवाए जा रहे अभूतपूर्व विकास कार्य रहा है।
राकेश जंवाल ने कहा कि भाजपा की केंद्र व प्रदेश सरकार ने सबका साथ सबका विकास के आधार पर लोगों को हर सुविधा उपलब्ध करवाई है और इन्हीं विकास कार्यों से प्रभावित होकर लोग कांग्रेस पार्टी को छोड़कर भाजपा में शामिल हो रहे हैं। इस मौके पर जिला महामंत्री ओम प्रकाश नायक,सोशल मीडिया संयोजक घनश्याम वर्मा सहित पार्टी के अन्य पदाधिकारी उपस्थित रहे।