जलशक्ति विभाग के माध्यम से व्यय हो रहे 400 करोड़

जलशक्ति मंत्री ने जोगिन्दर नगर क्षेत्र में किया 10 करोड़ के विकास कार्यों का शिलान्यास

जतिन लटावा। जोगिंद्रनगर

जलशक्ति, बागवानी, राजस्व एवं सैनिक कल्याण मंत्री महेंद्र सिंह ठाकुर ने कहा कि जोगिन्दर नगर विधानसभा क्षेत्र में जलशक्ति विभाग के माध्यम से लगभग 400 करोड़ रूपए की राशि विभिन्न पेयजल व सिंचाई योजनाओं पर व्यय की जा रही है। महेंद्र सिंह ठाकुर आज जोगिंद्रनगर विधानसभा क्षेत्र के अंतर्गत जल जीवन मिशन के अंतर्गत लगभग 10 करोड़ रुपए की पेयजल योजनाओं के शिलान्यास जिसमें ग्राम पंचायत गुम्मा में 193.28 लाख रुपए की लागत से ग्राम पंचायत गुम्मा व कधार पंचायतों के लिए निर्मित होने वाली पेयजल योजना तो वहीं चौंतड़ा में ग्राम पंचायत पस्सल व सगनेहड़ के लिए 370.69 लाख रूप, जबकि ग्राम पंचायत ऐहजु, बदेहड़, मटरू तथा तलकेहड़ के लिए 357.01 लाख रुपए की लागत से जल जीवन मिशन के तहत ही निर्मित होने वाली पेयजल योजनाओं की आधारशिला शामिल है।

इस अवसर पर गुम्मा व चौंतड़ा में उपस्थित जन समूह को संबोधित कर रहे थे। इस मौके पर जोगिंद्रनगर के विधायक प्रकाश राणा भी विशेष तौर पर उपस्थित रहे। इस दौरान उन्होंने जन समस्याएं भी सुनी तथा अधिकतर का मौके पर ही निपटारा कर दिया। उन्होंने कहा कि अकेले जोगिंद्रनगर में ही जल जीवन मिशन के अंतर्गत 15 परियोजनाओं पर कार्य किया जा रहा है, जिन पर लगभग 107 करोड़ रुपए की राशि व्यय हो रही है।

साथ ही कहा कि इस क्षेत्र में एनसीसी का विंग स्थापित करने के लिए उनकी ओर से हरसंभव प्रयास किए जाएंगे। उन्होंने गुम्मा में बाईपास स्थापना की स्थानीय लोगों की मांग पर कहा कि इसे पूरा करने के लिए उनके लिए हरसंभव प्रयास किये जाएंगे। साथ ही अन्य मांगे बारे भी कहा कि इन्हे मुख्य मंत्री के समक्ष उठाने का वे भरसक प्रयास करेंगे।

प्रकाश राणा के रूप में जोगिन्दर नगर को मिला है एक सच्चा कर्मयोगी
जलशक्ति मंत्री ने कहा कि जोगिन्दर नगर विस क्षेत्र के लिए प्रकाश राणा के रूप में न केवल एक विधायक मिला है बल्कि सच्चा कर्मयोगी भी मिला जो निरन्तर क्षेत्र के विकास को प्रयासरत हैं। उन्होने कहा कि प्रकाश राणा ने लोगों की सेवा को अपने वेतन-भत्ते ही समर्पित नहीं किये हैं बल्कि वे अपने निजी प्रयासों से भी लोगों की सेवा में लगे हुए हैं। उन्होने कहा कि प्रकाश राणा जोगिन्दर नगर क्षेत्र का भविष्य है तथा लोगों से आगे बढक़र इन्हे अपना पूरा समर्थन प्रदान करने का भी आहवान किया।

जोगिन्दर नगर विधानसभा क्षेत्र विकास की दृष्टि से तेजी बढ़ा आगे-प्रकाश राणा
विधायक प्रकाश राणा ने जलशक्ति मंत्री का स्वागत करते हुए कहा कि मुख्य मंत्री जय राम ठाकुर के आशीर्वाद एवं जलशक्ति मंत्री महेंद्र सिंह ठाकुर के मार्गदर्शन में जोगिन्दर नगर विस क्षेत्र को अनेको विकास कार्यों की सौगातें मिलीं हैं। जोगिंद्रनगर में एचआरटीसी का बस डिपो, जलशक्ति विभाग का मंडलीय कार्यालय, मकरीड़ी में उपतहसील, लडभड़ोल में आईटीआई, अटल आदर्श विद्यालय जैसी प्रमुख सौगातें शामिल हैं।
इस मौके पर प्रदेश भाजपा महिला मोर्चा की सदस्य रीमा राणा, जिला परिषद सदस्य विजय भाटिया, एसडीएम डॉ. (मेजर) विशाल शर्मा, जलशक्ति विभाग के मुख्य अभियन्ता शाम कुमार शर्मा, विभिन्न पंचायतीराज संस्थाओं के प्रतिनिधि, संगठन के कार्यकत्र्ता, विभिन्न विभागों के अधिकारियों सहित कई गण्यमान्य लोग उपस्थित रहे।