41 करोड़ से चकाचक हो रहीं ऊना विधानसभा क्षेत्र की सडक़ें : सत्ती

उज्जवल हिमाचल। ऊना
ऊना विधानसभा क्षेत्र में 41 करोड़ रुपए की धनराशि से विभिन्न सडक़ों के सुधारीकरण किया जा रहा है। यह जानकारी छठे राज्य वित्तायोग अध्यक्ष सतपाल सिंह सत्ती ने बुधवार शाम ग्राम पंचायत छतरपुर टाडा के भवन का शिलान्यास करने के उपरांत एक जनसभा को संबोधित करते हुए दी।

उन्होंने बताया कि दो साल के भीतर 5.25 करोड़ रूपए की राशि से इस क्षेत्र की 6 ग्राम पंचायतों सलोली, मजारा, मलूकरपुर, छतरपुर, वीनेवाल व अजौली की सडक़ों को अपग्रेड किया गया, जिनमें 70 लाख रूपए की राशि ग्राम पंचायत छतरपुर टाडा की सडक़ पर व्यय की गई। इसके अलावा 20 लाख रूपए की राशि से गलियों के पेवर वर्क व गंदे पानी की निकासी हेतू भूमिगत नालियों के निर्माण पर व्यय की जा रही है, जिनमें से अधिकांश का कार्य पूर्ण कर लिया गया है और शेष का चल रहा है।

संतोषगढ़ में एक वर्ष में लगे 36 ट्रांसफॉर्मर

सतपाल सिंह सत्ती ने कहा कि संतोषगढ़ में आजादी के बाद केवल 16 विद्युत ट्रांसफॉर्मर स्थापित किए गए थे, जबकि वर्तमान सरकार ने एक वर्ष में संतोषगढ़ नगर परिषद में ही 36 नए विद्युत ट्रांसफॉर्मर स्थापित करके यहां की वोल्टेज़ की समस्या का निदान किया गया। उन्होंने कहा कि वर्तमान प्रदेश सरकार द्वारा छतरपुर पंचायत में 4.56 करोड़ रुपए की राशि से 11 केवी विद्युत सब-स्टेशन स्थापित किया गया, जिससे इस क्षेत्र की कम वोल्टेज़ की समस्या को हल हुई है। इसके अलावा इसी पंचायत के लिए 20 स्ट्रीट लाइटें भी स्वीकृत की गईं हैं, जो जल्द पंचायत के विभिन्न स्थानों पर स्थापित कर दी जाएंगी। इस अवसर पर उन्होंने पंचायत भवन परिसर में लिंक टाइल स्थापित करने के लिए व्यय आक्कलन तैयार करने के निर्देश दिए तथा धनराशि उपलब्ध करवाने की घोषणा की।

इस मौके पर भाजपा मंडलाध्यक्ष हरपाल सिंह गिल, स्थानीय पंचायत प्रधान दिलजीत कौर, उप-प्रधान अनिल कुमार, वार्ड पंच जसवीर सिंह व राजा राम, जेई शिव कुमार, सचिव जसवीर सिंह, भाजपा कार्यकर्ता सुच्चा सिंह, अशोक कुमार, अवतार चन्द, बलराम कुमार व चरणदास सहित क्षेत्र के गणमान्य लोग उपस्थित थे।