यूपी में अपराध बेलगाम, छेड़छाड़ की शिकायत पर गोली मारकर हत्या

केस वापस लेने का दबाव बना रहा था आरोपी

उज्जवल हिमाचल। डेस्क

उत्तर प्रदेश में हाथरस के नौजरपुर गांव में बेटी से छेड़छाड़ की शिकायत करने वाले पिता की सोमवार शाम गोली मारकर हत्या कर दी गई। बताया जा रहा है कि आरोपी छेड़छाड़ का केस वापस लेने के लिए पीडि़त परिवार पर दबाव बना रहा था। मृतक की बेटी ने छह लोगों पर केस दर्ज कराया है। इनमें से एक को गिरफ्तार कर लिया गया है। मृतक अमरीश (52) के परिवार ने पुलिस को बताया कि आरोपी गौरव से उनके परिवार की पुरानी रंजिश चल थी। सोमवार को अमरीश की बेटी और आरोपी गौरव की पत्नी-मौसी गांव के मंदिर में पूजा करने गई थीं।

इन महिलाओं में झगड़ा हो गया। शाम को अमरीश अपने खेत पर आलू की खुदाई करा रहे थे। उनकी पत्नी बेटी के साथ खाना देने के लिए खेत पर आईं थीं। इसी दौरान आरोपी गौरव अपने तीन दोस्तों के साथ वहां पहुंचा और अमरीश पर फायरिंग शुरू कर दी। उन्हें इलाज के लिए हाथरस ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।

2018 में दर्ज कराया था छेड़छाड़ का केस

एसपी विनीत जायसवाल के मुताबिक, अमरीश ने 16 जुलाई 2018 को गांव के ही गौरव शर्मा के खिलाफ बेटी से छेड़छाड़ करने का केस दर्ज कराया था। इस मामले में गौरव 15 दिन तक जेल में रहा था। जमानत पर बाहर आने के बाद वह अमरीश पर केस वापस लेने का दबाव बना रहा था।