अब पहाड़ चढ़ चुकी आम आदमी पार्टी, हर घर में आम आदमी पार्टी ने दी दस्तक, हिमाचल में चल रही बदलाव की लहर : पंकज पंडित

उज्जवल हिमाचल। धर्मशाला/ सोलन 

आम आदमी पार्टी अपने मजबूत संगठन के दम पर हिमाचल में विजय पताका लहराने के लिए कल सोलन के ठोडो मैदान में शक्ति प्रदर्शन करेगी। आम आदमी पार्टी ने हिमाचल में प्रदेश से लेकर पंचायत तक अपना मजबूत संगठन खड़ा कर लिया है। प्रदेश से लेकर पंचायत तक के 8000 से अधिक पदाधिकारी शपथ लेंगे। आप के पदाधिकारियों को राष्ट्रीय संयोजक और दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल शपथ दिलाएंगे। पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत मान भी शपथ ग्रहण समारोह में शामिल होंगे। यह पहला मौका होगा जब कोई राजनैतिक दल के पदाधिकारी शपथ लेंगें। केजरीवाल सभी पदाधिकारियों को मजबूत हिमाचल, देश भक्ति, तिरंगे का सम्मान सहित भ्रष्टाचार मुक्त सरकार देने की शपथ दिलाएंगे। आम आदमी पार्टी के प्रदेशाध्यक्ष सुरजीत ठाकुर ने आज सोलन के ठोडो ग्राउंड में कल होने वाले शपथ ग्रहण समारोह की तैयारियों का जायजा लिया। शपथ ग्रहण समारोह के मौके पर अरविंद केजरीवाल हिमाचल की जनता के लिए बड़ी घोषणा भी कर सकते हैं। कल का दिन हिमाचल प्रदेश की बदलती राजनीति के लिए ऐतिहासिक होगा। कल से ही हिमाचल में बदलाव की लहर चलेगी।

आम आदमी पार्टी के प्रवक्ता पंकज पंडित ने कहा कि हिमाचल प्रदेश में पंचायत स्तर पर आप का संगठन खड़ा हो गया है। जिसकी घोषणा कर आम आदमी पार्टी ने कर दी है। प्रदेश की 3600 के करीब पंचायतों में आम आदमी पार्टी का संगठन खड़ा हो गया है। पार्टी ने कल 8380 पदाधिकारियों की सूची जारी कर बता दिया कि आम आदमी पार्टी का संगठन पंचायत स्तर पर खड़ा हो गया है। आम आदमी पार्टी ने लाहौल से लेकर सिरमौर के पांवटा साहिब के अंतिम छोर तक संगठन खड़ा कर दिया है। प्रदेश से लेकर पंचायत तक के पदाधिकारी आम आदमी पार्टी के संगठन का मजबूती प्रदान करेंगे। राजनैतिक विरोधी यह तंज कसते थे कि आम आदमी पार्टी पहाड़ चढ़ नहीं सकती लेकिन अब आम आदमी पार्टी पहाड़ चढ़ चुकी है और अब अगामी चुनावों में कांग्रेस-भाजपा पर चढ़ाई करने को भी तैयार है। प्रदेश में बदलाव की लहर चल रही है। इस बदलाव को अब कोई नहीं रोक सकता।

आगामी चुनावों में ईमानदार सरकार के लिए आम आदमी पार्टी को मौका दें, दिल्ली और पंजाब की तरह होंगे वायदे पूरे

आम आदमी पार्टी के प्रदेशाध्यक्ष सुरजीत ठाकुर ने हिमाचल की जनता से अपील की है कि वह आने वाले विधानसभा चुनावों में प्रदेश में ईमानदार सरकार बनाने के लिए आम आदमी पार्टी को एक मौका दें। दिल्ली और पंजाब की तरह चुनावों में किए गए हर वायदे को पूरा किया जाएगा। सुरजीत ठाकुर ने कहा कि प्रदेश की जनता अब बदलाव के लिए तैयार है और आम आदमी पार्टी को भारी जनसमर्थन मिल रहा है। जिससे साबित होता है कि दिल्ली और पंजाब की तरह जनता हिमाचल में भी ईमानदार सरकार बनाने के लिए तैयार है। जिससे दिल्ली की तर्ज पर हिमाचल प्रदेश में भी शिक्षा और स्वास्थ्य सुविधाओं के बेहतर होने के साथ-साथ सभी क्षेत्रों में तेजी से विकास हो।