भाजपा के 41वें स्थापना दिवस पर कार्यकर्ताओं काे क्या बाेल गए पीएम माेदी

उज्जवल हिमाचल। नई दिल्ली

देश के छोटे किसानों, रेहड़ी वालों व महिलाओं के लिए शुरू की गई योजनाओं और उससे होने वाले लाभों का भी जिक्र किया। भारतीय जनता पार्टी के 41वें स्थापना दिवस के मौके पर मंगलवार को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने देश भर के पार्टी कार्यकर्ताओं को संबोधित किया। उन्होंने पार्टी कार्यकर्ताओं के प्रति आभार व्यक्त करते हुए कहा कि उनके ही योगदान के कारण भाजपा आज दुनिया की सबसे बड़ी पार्टी बन सकी है। प्रधानमंत्री ने कहा कि आज भाजपा से गांव-गरीब का जुड़ाव इसलिए बढ़ रहा है।

क्योंकि आज वो पहली बार अंत्योदय को साकार होते देख रहा है। आज 21वीं सदी में जन्म देने वाला युवा, भाजपा के साथ है, भाजपा की नीतियों, भाजपा के प्रयासों के साथ है। उन्होंने कहा कि कार्यकर्ता BJP को ताकत देते हैं, जनता के बीच काम करते हुए संगठन की शक्ति को और बढ़ाते हैं। अपने जीवन, आचरण, प्रयासों से वो जनता का दिल जीतने का काम अविरत करते रहते हैं। कार्यकर्ताओं के प्रयासों से आज BJP दुनिया की सबसे बड़ी पार्टी है। प्रधानमंत्री मोदी ने कहा कि हमारी सरकार का मूल्यांकन उसके डिलिवरी सिस्टम से हो रहा है।

ये देश में सरकारों के कामकाज का नया मूलमंत्र बन रहा है। बावजूद इसके, दुर्भाग्य ये है कि भाजपा अगर चुनाव जीते, तो उसे चुनाव जीतने की मशीन कहा जाता है। प्रधानमंत्री ने कहा कि आप सभी को भाजपा स्थापना दिवस की बहुत-बहुत बधाई। पार्टी के गौरवशाली यात्रा के आज 41 वर्ष पूरे हो रहे हैं। ये 41 वर्ष इस बात के साक्षी हैं कि सेवा और समर्पण के साथ कोई पार्टी कैसे काम करती है। प्रधानमंत्री मोदी ने कहा कि हमारे देश में राजनीतिक स्वार्थ के लिए दलों के टूटने के अनेकों उदाहरण हैं, लेकिन देशहित में लोकतंत्र के लिए दल के विलय की घटनाएं शायद ही कहीं मिलेंगी। भारतीय जनसंघ ने ये करके दिखाया था।

उन्होंने कहा कि हमारी कार्यशैली है हम किसी से छीनते नहीं, सबकी आवश्यकता पर संवेदनशीलता से काम करते हैं। प्रधानमंत्री ने किसानों का मुद्दा उठाया और कहा कि पहले की सरकारों की प्राथमिकता में छोटे किसान नहीं थे, लेकिन हमारी सरकार ने छोटे किसानों की बेहतरी के लिए कई नए कार्यक्रमों की शुरुआत की। इस क्रम में उन्होंने फसल बीमा योजना, अंत्योदय योजना आदि का जिक्र किया।

BJP के राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा ने इस मौके पर आयोजित कार्यक्रम का शुभारंभ करते हुए कहा कि मैं भाजपा के स्थापना दिवस पर आप सभी को शुभकामनाएं देता हूं। 1980 में भाजपा की स्थापना हुई थी। आज 41वां स्थापना दिवस हम सब मना रहे हैं। इस अवसर पर देश के यशस्वी प्रधानमंत्री और हमारे वरिष्ठ नेता नरेंद्र मोदी हम सबको मार्गदर्शन करेंगे। पार्टी के स्थापना दिवस के मौके पर उन्होंने श्यामा प्रसाद मुखर्जी और पंडित दीनदयाल उपाध्याय को फूलों की श्रद्धांजलि अर्पित की।

भारतीय जनता पार्टी की स्थापना 1980 में आज ही के दिन हुई थी। श्यामा प्रसाद मुखर्जी द्वारा 1951 में स्थापित भारतीय जन संघ से इस नई पार्टी की शुरुआत हुई। 1977 में इमरजेंसी की घोषणा के बाद जनसंघ का कई अन्य पार्टियों के साथ विलय हुआ और जनता पार्टी का उदय हुआ। पार्टी ने 1977 के आम चुनाव में कांग्रेस से सत्ता अपने हाथ ले ली और 1980 में जनता पार्टी को भंग करके भारतीय जनता पार्टी की नींव रखी गई।

संयोगवश इस बार स्थापना दिवस और चार राज्यों व एक केंद्रशासित प्रदेश में विधानसभा चुनाव के लिए मतदान एक ही दिन हो रहा है। स्थापना दिवस के अवसर पर अनेकों कार्यक्रमों का आयोजन किया गया है। इस क्रम में राज्य व जिला स्तर पर वेबिनार का आयोजन कर पार्टी की प्रतिबद्धता, गौरवपूर्ण इतिहास के साथ-साथ इसके आदर्शों व प्रतिबद्धताओं पर चर्चा की जाएगी।