हाईवे किनारे मिली मुख्तार काे ले जाने वाली एंबुलेंस, जांच तेज

उज्जवल हिमाचल। नंगल

उत्‍तर प्रदेश के बाहुबली नेजा मुख्तार अंसारी को रूपनगर जेल से जिस एंबुलेंस में 31 मार्च को मोहाली कोर्ट ले जाया गया था, वह रूपनगर-नंगल हाईवे पर रविवार देर रात नानक ढाबे के पास मिली है। यह ढाबा रूपनगर से साढ़े तीन किलोमीटर की दूरी पर है। बताया जा रहा है कि एंबुलेंस की नंबर प्लेट पर मिट्टी लगी हुई थी। कुछ लोगों ने जब एंबुलेंस को देखा तो पुलिस को सूचना दी।

डीएसपी टीएस गिल ने बताया कि एंबुलेंस को पुलिस ने अपने कब्जे में ले लिया है। साेमवार सुबह से ही पुलिस एंबुलेंस की जांच में जुटी हुई है। दूसरी ओर, आज मुख्‍तार अंसारी को लेने के लिए उत्‍तर प्रदेश पुलिस की टीम के आज पहुंचने की संभावना है। बताया जाता है कि यूपी पुलिस की टीम आज रोपड़ जेल पहुंच सकती है। उल्लेखनीय है कि इस एंबुलेंस को बाराबंकी (उत्तर प्रदेश) में फर्जी तरीके से पंजीकृत करवाया गया था। उत्तर प्रदेश पुलिस इस मामले में केस दर्ज कर जांच कर रही है। पंजाब के एडिशनल चीफ सेक्रेटरी (गृह) की ओर से उत्तर प्रदेश के एडिशनल चीफ सेक्रेटरी (गृह) को पत्र लिखे जाने के बाद उत्तर प्रदेश पुलिस की टीम सोमवार को पंजाब पहुंचने वाली है।

बताया जाता है कि मुख्तार अंसारी को उत्तर प्रदेश ले जाने के साथ ही यूपी पुलिस को इस एंबुलेंस की भी तलाश है।इस एंबुलेंस को बुलेट प्रूफ बताया गया था, लेकिन पंजाब के एडीजीपी जेल पीके सिन्हा ने इसका खंडन किया था। बता दें कि सुप्रीम कोर्ट के आदेश के बाद मुख्‍तार अंसारी को उत्‍तर प्रदेश की जेल में शिफ्ट किया जा रहा है। मुख्‍तार अंसारी काफी समय से पंजाब की जेल में बंद है और उत्‍तर प्रदेश सरकार उसे अपने यहां भेजने की मांग कर रही थी, लेकिल पंजाब सरकार उसके खराब स्‍वास्‍थ्‍य का हवाला देकर पंजाब से भेजने से इमकार कर रही‍ थी।

इस पर पंजाब में भी सियासी महौल गर्म हो गया था और कैप्‍टन अमरिंदर सिंह सरकार निशाने पर आ गई थी। इसके बाद मामला सुप्रीम कोर्ट पहुंच गया था। मुख्‍तार अंसारी को 8 अप्रैल को पंजाब की रोपड़ जेल से भेजा जाएगा। साेमवार सुबह एंबुलेंस को रूपनगर के सदर पुलिस स्टेशन में लाया गया। पुलिस ने एंबुलेंस की बारीकी से जांच की। दूसरी ओर उत्‍तर प्रदेश पुलिस टीम के आज रोपड़ जेल पहुंचने की चर्चा है। यूपी पुलिस की टीम मुख्‍तार अंसारी को उत्‍तर प्रदेश ले जाएगी। इसके लिए यूपी पुलिस टीम औपचारिकता पूरी करने पहुंचेगी। उत्‍तर प्रदेश की पुलिस टीम के पहुंचने की सूचना के बाद से रोपड़ जेल के बाहर सुबह से ही मीडिया का जमावड़ा लगा हुआ है।