अनुराग ठाकुर की पांच दिवसीय जन आशीर्वाद यात्रा कल से शुरू

उमेश भारद्वाज। मंडी

केंद्रीय खेल युवा एवं सूचना प्रसारण मंत्री अनुराग ठाकुर बतौर केबिनेट मंत्री शपथ लेने के बाद पहली बार अपने गृह राज्य हिमाचल प्रदेश आने वाले हैं। अनुराग ठाकुर की पांच दिवसीय जन आशीर्वाद यात्रा कल वीरवार से शुरू होने जा रही है। केंद्रीय मंत्री अनुराग ठाकुर जन आशीर्वाद यात्रा के दौरान 4 लोकसभा और 39 विधानसभा से होकर गुजरेगी। वहीं अनुराग ठाकुर दो दिन अपने संसदीय क्षेत्र हमीरपुर में रहेंगे।

 

जानकारी देते हुए प्रदेश भाजपा प्रवक्ता अजय राणा ने कहा कि केंद्रीय सूचना प्रसारण एवं खेल मंत्री अनुराग ठाकुर की जन आशीर्वाद यात्रा 19 अगस्त को प्रदेश के परमाणु से शुरू होगी। उन्होंने कहा कि अनुराग ठाकुर 20 अगस्त शाम को मंडी जिला के प्रवेश द्वार सलापड़ पहुंचेगें। इसके साथ ही मंडी जिला में उनके आगमन को लेकर स्वागत का दौर शुरू हो जाएगा। विधानसभा क्षेत्र सुंदरनगर के तहत सलापड़ और नगर परिषद कार्यालय के बाहर अनुराग ठाकुर का कार्यकर्ताओं द्वारा जोरदार स्वागत किया जाएगा।

अजय राणा ने कहा कि इसके उपरांत जन आशीर्वाद यात्रा नाचन विधानसभा क्षेत्र के धनोटू और बल्ह विधानसभा क्षेत्र के नेरचौक में अनुराग ठाकुर का स्वागत किया जाएगा। मंडी सदर विधानसभा क्षेत्र में पहुंचने पर अनुराग ठाकुर का महामृत्युंजय मंदिर के समीप स्वागत किया जाएगा। जहां से उन्हें भारतीय जनता युवा मोर्चा के कार्यकर्ता मोटरसाइकिल के काफिले के साथ यात्रा को सर्किट हाउस ले जाएंगे। जहां अनुराग ठाकुर मुख्यमंत्री संवाद केंद्र में अपना संबोधन देंगे। वहीं 21 अगस्त को केंद्रीय मंत्री अनुराग ठाकुर द्रंग विधानसभा क्षेत्र के पधर,जोगिंद्रनगर विधानसभा,मझारनू,चौंतड़ा होते हुए बैजनाथ विधानसभा के साथ कांगड़ा जिला में प्रवेश करेंगें।