बेसहारा पशुओं के लिए बरडाम में बनेगा आशियाना

अजीत वर्मा। जयसिंहपुर

जयसिंहपुर विधानसभा क्षेत्र के अंतर्ग गांव कंगैहन बरडाम में गौसदन बनने जा रहा है, लेकिन खेल प्रेमी इसको मैदान पर कब्ज़ा मान रहे हैं। उनका कहना है कि गौ सदन बनाना उचित है, लेकिन इसको बनाने के लिए एकमात्र खेल के मैदान को नष्ट करना किसी भी तरह से युवा वर्ग के साथ न्यायसंगत नहीं है। युवा वर्ग देश का भविष्य हैं, खेलों से स्वास्थ्य तो ठीक रहता ही है।

साथ ही पढ़ाई के साथ खेलों में रुचि रखने से नशे जैसी सामाजिक बुराईयां भी दूर रहती है, जिसके लिए सरकार भी युवाओं को खेलों के प्रति प्रोत्साहित कर रही है, लेकिन यहां पर युवाओं का बचपन छीन कर गौ सदन बनाकर कोई वैकल्पिक मैदान के बिना युवाओं को घरों में बंद किया जा रहा है। इस संदर्भ में क्षेत्र का युवा वर्ग कुछ दिन पहले पंचायत प्रधान व विधायक रवी धिमान से भी मिला, लेकिन जहां प्रधान ने युवाओं का सहयोग करने में असमर्थता व्यक्त की। वहीं, विधायक रवि धीमान की और से भी आश्वासन के सिवाय उनके पक्ष में परिणाम नजर नहीं आया।

इस पर पूर्व बसपा प्रदेश अध्यक्ष केहर सिंह ने स्थानीय विधायक रविंदर धीमान व प्रशासन स्वयं सेवकों से अनुरोध किया है कि आप इस क्षेत्र के एकमात्र खेल के मैदान को गौसदन के अंतर्गत न लें हाल ही में युवाओं ने इस खेल के मैदान का जीर्णोद्धार किया है। अगर इस मैदान को गौ सदन में लेना ही है, तो पहले युवाओं को उनसे सहमति के साथ उचित खेल का मैदान उपलव्ध किया जाए, उसके बाद ही मैदान को गौसदन के लिए लिया जाए। गौरतलब है ये मैदान चार दशकों पुराना है। उनका कहना है अगर ऐसा नहीं होता है, तो मैं व्यक्तिगत रूप में युवाओं के साथ इस मैदान को बचाने के लिए संघर्ष करूंगा।