पासु में बनेगा बैडमिंटन कोर्ट और वालीबाल मैदान : नेहरिया

कृषि, बाग़वानी व डेयरी फार्मिंग की योजनाओं से किसान सुदृढ़ करें अपनी आर्थिकी

उज्जवल हिमाचल ब्यूराे। धर्मशाला

नशा समाज को खोखला कर रहा है। इसकी चपेट में ज्यादातर युवा पीढ़ी आ रही है। नशे की रोकथाम के लिए समाज के सभी वर्गों को आगे आना होगा। यह विचार विधायक विशाल नेहरिया ने आज धर्मशाला विधानसभा क्षेत्र में विभिन्न स्थानों पर अपने प्रवास के दौरान लोगों से मिलते हुये व्यक्त किए। उन्होंने कहा कि प्रदेश सरकार युवाओं को नशे से दूर रखने और खेल गतिविधियों को बढ़ावा देने के लिये विभिन्न योजनाओं पर काम कर रही है।

इस अवसर पर उन्होंने पासु में स्थानीय युवाओं की मांग पर बैडमिंटन कोर्ट और वालीबाल मैदान बनाने के निर्देश दिए। इस दौरान उन्होंने पंचवटी पार्क और अन्य विकास कार्यों का निरीक्षण किया। उन्होंने मनेड में पंचवटी पार्क बनाने तथा घराट के जीर्णोद्धार करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि विधानसभा क्षेत्र में अन्य घराटों का जीर्णाेद्धार भी सुनिश्चित किया जाएगा। इससे जहां प्राकृतिक संसाधनों के माध्यम से कार्य करने में सहायता मिलती है। वहीं, स्थानीय लोगों को भी स्वरोजगार मिलता है।

उन्होंने कहा कि ग्रामीण क्षेत्र में 62 प्रतिशत लोग सीधे तौर पर पर आजीविका प्राप्त कर रहे हैं। हिमाचल सरकार द्वारा कृषि में विविधता लाने के लिए कई योजनाएं आरंभ की गई हैं। प्राकृतिक खेती को बढ़ावा दिया जा रहा है तथा फसलों को जंगली जानवरों से बचाने के लिए मुख्यमंत्री खेत संरक्षण जैसी योजनाएं चलाई जा रही हैं। इसके अलावा सरकार द्वारा मुख्यमंत्री नूतन पॉलीहाउस, मुख्यमंत्री ग्रीनहाउस नवीकरण, सूक्ष्म कुशल सिंचार्ह, मुख्यमंत्री किसान एवं खेतीहर मजदूर जीवन सुरक्षा, उठाऊ सिंचाई, फसल विविधीकरण प्रोत्साहन तथा सौर सिंचाई योजनाएं चलाई जा रही हैं।

उन्होंने किसानों से आग्रह किया कि वे इन योजनाओं का लाभ उठाएं। उन्होंने कहा कि सरकार की कृषि, बाग़वानी व डेयरी फार्मिंग की योजनाओं से किसान अपनी आर्थिकी सुदृढ़ कर सकते हैं। इस दौरान लोगों की समस्याओं को भी सुना गया। इनमें से अधिकतर समस्याओं का मौके पर ही निपटारा किया गया तथा शेष समस्याओं के निपटारे के लिए अधिकारियों को दिशा-निर्देश दिए। इस अवसर पर बीडीओ अभिनीत कात्यान, मंडल अध्यक्ष अनिल चौधरी, ओबीसी मोर्चा अध्यक्ष दिनेश धनोटिया, एसटी मोर्चा से सुभाष कपूर, श्याम सिंह, करनैल सिंह, राजेश धीमान, जगवीर व जेई अक्षय के अतिरिक्त गणमान्य लोग उपस्थित थे।