शिमला में भाजपा ने मनाया बिहार चुनाव की जीत का जश्न

 

उज्जवल हिमाचल। शिमला

भारतीय जनता पार्टी के कार्यकर्ताओं ने बिहार चुनावों की जीत का जश्न हिमाचल प्रदेश भाजपा मुख्यालय दीपकमल चक्कर शिमला में मनाया। इस अवसर पर प्रदेश के शहरी विकास मंत्री सुरेश भारद्वाज विशेष रूप से उपस्थित रहे। उनके साथ प्रदेश महामंत्री त्रिलोक जम्वाल, प्रदेश सचिव पायल वैद्य, कुसुम सदरेट, प्यार सिंह कंवर, राज पाल सिंह भी मौजूद रहे। जीत को लेकर कार्यकर्ताओं ने एक दूसरे को लड्डू भी खिलाएं और ढोल की ताल पर नाचे।

  • शहरी विकास मंत्री सुरेश भारद्वाज बोले, मोदी है तो सब कुछ मुमकिन है

शहरी विकास मंत्री सुरेश भारद्वाज ने कहा की मोदी है तो सब कुछ मुमकिन है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने एक अंतरराष्ट्रीय नेता के रूप में अपनी पहचान बनाई है और जिस प्रकार से कोविड-19 संकटकाल में उन्होंने कार्य किया है पूरे विश्व ने उसको सराहा है। जिस प्रकार से पूरे देश में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में कार्य हुआ है उस पर बिहार परिणामों ने मुहर लगाई है। संकट काल के समय किसान सम्मान निधि का वितरण, महिलाओं के खातों में प्रतिमाह 500 रुपए, मुफ्त गैस सिलेंडर, चूल्हे ,अनाज, राशन घर घर तक पहुंचाया गया। उन्होंने कहा कि भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष जगत प्रकाश नड्डा के सशक्त नेतृत्व में पार्टी और मजबूत हुई है।

सुरेश भारद्वाज ने कहा कि जिस प्रकार से 2014 के चुनावों में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में देश की जनता ने विश्वास किया यह परिणाम उस सशक्त नेतृत्व के कार्य पर मुहर है। बिहार चुनाव में मोदी विरोधियों को मुंह की खानी पड़ी है। उन्होंने राष्ट्रीय अध्यक्ष जगत प्रकाश नड्डा को विशेष बधाई दी और कहा कि यह उनकी रणनीति का परिणाम है कि आज बिहार में एक मजबूत सरकार बनी है।