किसानों की जमीन और फसल पर अरबपतियाें की नजर : राहुल

उज्जवल हिमाचल। डेस्क

केंद्र सरकार द्वारा लाए गए कृषि कानूनों को कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष राहुल गांधी ने किसानों के साथ धोखा करार दिया है। कहा कि इन कानूनों की मदद से 23 अरबपतियों की नजर किसानों की जमीन और फसल पर है। रैली को संबोधित करने के बाद बधनीकलां से ट्रैक्टर रैली निकाली जा रही है, जिसमें कांग्रेस नेताओं के अलावा कई किसान भी ट्रैक्टर लेकर पहुंचे हैं। ट्रैक्टर यात्रा की अगवाई राहुल गांधी कर रहे हैं। राहुल जिस ट्रैक्टर में बैठे हैं, उसे प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष सुनील जाखड़ चला रहे हैं। साथ में कैप्टन अमरिंदर सिंह भी बैठे हैं। राहुल गांधी ने कहा कि वर्तमान सिस्टम में कुछ खामियां हैं। इन्हें बदलने की आवश्यकता है, लेकिन इसे नष्ट करने की जरूरत नहीं है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी इसे नष्ट करना चाहते हैं।

इससे पूर्व, नए कृषि कानूनों खिलाफ कांग्रेस के पूर्व राष्ट्रीय अध्यक्ष राहुल गांधी ट्रैक्टर मार्च के लिए चॉपर से मोगा पहुंचेेे। रैली स्थल पर पंजाब के कांग्रेस प्रभारी हरीश रावत पहले से मौजूद थे। खास बात यह है कि राहुल के मंच पर नवजोत सिंह सिद्धू भी मौजूद रहे। इसके अलावा मंच पर कैप्टन अमरिंदर सिंह, प्रदेश अध्यक्ष सुनील जाखड़, वित्त मंत्री मनप्रीत बादल, हरियाणा के राज्यसभा सदस्य दीपेंदर हुड्डा भी मौजूद रहे। अपने संबोधन में पंजाब के सीएम कैप्टन अमरिंदर सिंह ने कहा कि कृषि कानून किसानों पर मार है।

केंद्र सरकार के इन कानूनों से किसान बुरी तरह प्रभावित होगा। कैप्टन अमरिंदर सिंह ने राहुल से कहा कि वह पूरे देश के किसानों को केंद्र के इस काले कानून के खिलाफ एकजुट करें। पूरा पंजाब उनके साथ है। सिद्धू ने कहा कि पंजाब दाल और तिलहन को इंपोर्ट करता है। किसान उसे क्यों नहीं उपजा सकता। मंच से सिद्धू ने कहा कि सबसे पहले राहुल, फिर जाखड़ और हरीश रावत के बाद कैप्टन का नाम लिया। सिद्धू ने इस बात पर जोर दिया कि हमे स्वाबलंबी बनना पड़ेगा। सिद्दू जब बोल रहे थे तो कांग्रेस थोड़ी असहज हो गई। जिस पर हरीश रावत अपनी सीट से उठ चुके थे। बाद में सिद्धू ने अपना भाषण खत्म किया, तब रावत अपनी सीट पर बैठे।

वहीं, आज मोगा में ट्रैक्टर की बड़ी मंडी लगती है, वह मंडी बंद करा दी गई है। बता दें, राहुल आज से तीन दिन के लिए पंजाब में रहेंगे और पांच जिलों की संपर्क सड़कों पर करीब 52 किलोमीटर ट्रैक्टर चलाएंगे। ट्रैक्टर मार्च निकालने के अलावा रैलियां भी करेंगे। राहुल, ट्रैक्टर मार्च के जरिए न केवल पंजाब में 2022 में होने वाले विधानसभा चुनाव के लिए पार्टी की दिशा तय करेंगे, बल्कि किसानों को यह संदेश देंगे कि कांग्रेस किसानों की लड़ाई में उनके साथ है।