इस राज्य में भाजपा कर सकती है अपने संगठन में बदलाव

himachal bjp

उज्जवल हिमाचल। कोलकाता

भाजपा की राष्ट्रीय कार्यकारिणी की बैठक की अध्यक्षता रविवार को पार्टी अध्यक्ष जेपी नड्डा करेंगे और इसमें रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह, गृह मंत्री अमित शाह, परिवहन मंत्री नितिन गडकरी और वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण सहित अन्य लोग शामिल होंगे, जबकि पीएम नरेंद्र मोदी भी व्यक्तिगत रूप से मौजूद रहेंगे। इसमें कई अन्य नेताओं के हिस्सा लेने की उम्मीद है। इस बैठक के प्रमुख एजेंडे पर घोष ने कहा कि इसमें संगठनात्मक मुद्दों, कार्यक्रमों और पांच राज्यों में आगामी विधानसभा चुनावों पर चर्चा की जाएगी। भाजपा के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष दिलीप घोष ने पार्टी की बंगाल इकाई में जल्द संगठनात्मक बदलाव के संकेत दिए हैं।

घोष ने कहा कि बंगाल भाजपा में संगठनात्मक परिवर्तन हो सकता है और इस बारे में फैसला आज दिल्ली में होने वाली राष्ट्रीय कार्यकारिणी की बैठक में लिया जा सकता है। पूर्व प्रदेश अध्यक्ष घोष के मुताबिक, राज्य इकाई केंद्रीय नेतृत्व से बात करेगी, जिसके बाद बदलाव किए जा सकते हैं। बता दें कि घोष सहित बंगाल भाजपा की कोर कमेटी के सदस्य इस समय दिल्ली में ही हैं। संगठन बदलाव को लेकर घोष से जब पूछा गया, तो उन्होंने कहा कि हमारी राज्य इकाई केंद्रीय नेतृत्व से बात करेगी। उसके बाद (पार्टी की बंगाल इकाई में) कुछ बदलाव हो सकते हैं। अभी के लिए हमारी राष्ट्रीय कार्यकारिणी की बैठक बहुत लंबे समय के बाद हो रही है।

मालूम हो कि बंगाल विधानसभा चुनाव 2021 के बाद भाजपा ने पिछले दिनों प्रदेश नेतृत्व में पहले ही परिवर्तन किया था। सितंबर में भाजपा ने सांसद सुकांत मजूमदार को बंगाल इकाई के अध्यक्ष के रूप में नियुक्त किया था, जबकि दिलीप घोष को राष्ट्रीय उपाध्यक्ष बनाया गया था। प्रदेश अध्यक्ष की जिम्मेदारी संभालने के बाद ही मजूमदार ने संकेत दिए थे कि दुर्गा पूजा के बाद संगठन में बड़ा बदलाव होगा। इसके बाद उन्होंने फिर दीपावली के बाद संगठनात्मक बदलाव की बात कहीं। अब दीपावली बीतने के बाद उम्मीद की जा रही है कि केंद्रीय नेतृत्व से चर्चा के बाद छठ के बाद प्रदेश संगठन में बदलाव हो सकता है।