हिमाचल : भाजपा को झटका, 3 पन्ना प्रमुख और वार्ड पंच ने थामा कांग्रेस का हाथ

उमेश भारद्वाज। मंडी

विधानसभा क्षेत्र सुंदरनगर में मंगलवार को भाजपा को करारा झटका लगा है। क्षेत्र के दुर्गम क्षेत्र निहरी में भाजपा के पदाधिकारियों सहित एक वार्ड पंच द्वारा भी भाजपा का दामन छोड़कर कांग्रेस का हाथ थाम लिया गया है। जानकारी देते हुए प्रदेश कांग्रेस कमेटी के वरिष्ठ प्रवक्ता एवं पूर्व विधायक सोहन लाल ठाकुर ने कहा कि विधानसभा क्षेत्र सुंदरनगर के निहरी में ग्राम पंचायत मरहडा बदेहन से भाजपा के पन्ना प्रमुख हेमराज भाजपा,चमन लाल, कोलीराम व वार्ड पंच धनी राम ने भाजपा की जनविरोधी नीतियों से तंग आकर कांग्रेस की सदस्यता ग्रहण की है। सोहन लाल ठाकुर ने कहा कि कांग्रेस ही एक ऐसी पार्टी है, जो जोड़ने का काम करती है। उन्होंने कहा कि प्रदेश के लोगों को भाजपा के द्वारा लगातार ठगा जा रहा है और विकास के नाम पर झूठे वादे किए जा रहे हैं।


सोहन लाल ठाकुर ने कहा कि कांग्रेस ने जो विकास कार्य अपने कार्यकाल में शुरू किए थे, भाजपा उनको अब तक पूरा नहीं कर सकी है। भाजपा लगातार कांग्रेस के समय हुए कार्यों को ही अपना बताकर झूठी वाहवाही लूट रही है। उन्होंने कहा कि अब प्रदेश की जनता के सामने सच आ गया है और इससे खिन्न होकर उनके द्वारा प्रदेश में कांग्रेस का दामन थामा जा रहा है।