खिसकती सियासी जमीन देख किसानों को गुमराह कर रहे विपक्षी दल : कश्यप

भाजपा प्रदेशाध्यक्ष ने बताई कृषि कानून की उपयोगिता

उज्जवल हिमाचल। शिमला

भाजपा प्रदेशाध्यक्ष व सांसद सुरेश कश्यप ने कहा है कि किसान देश के भाग्यविधाता हैं। किसानों की आय को दोगुना किया जा सके इसके लिए कृषि कानून को लाया गया है। पीएम मोदी ने किसानों के लिए किसान समृद्धि योजना जैसे कई योजनाएं शुरू की है। किसान अपनी फसल को देश के किसी भी कोने में ले जाकर बेच सकें और बिचौलियों की भूमिका को कम किया जा सके इसके लिए ये कानून लाए गए हैं। उन्होंने कहा कि न तो मंडिया समाप्त होंगी और न ही न्यूनतम समर्थन मूल्य समाप्त होगा।

किसानों की भूमि का स्वामी किसान ही होगा और अगर कोई मतभेद होगा तो स्थानीय प्रशासन इसकी जांच करेगा। उन्होंने कहा कि किसानों का इससे कोई नुकसान नही होगा बल्कि किसानों की आय में वृद्धि होगी। विपक्षी दल अपनी खिसकती सियासी जमीन को देखते हुए किसानों को गुमराह कर रही है। कांग्रेस की स्थिति आज क्षेत्रीय दल से भी खस्ता हो गई है। इसलिए ये पार्टियां इस पर राजनीति कर अपना हित साधने में लगे हुए है। पंचायत चुनाव को लेकर उन्होंने कहा कि पंचायत चुनाव में पार्टी की विचारधारा के लोगों की जीत होगी। पार्टी व सरकार प्रदेश के लोगों के विकास के लिए लगातार काम कर रही है इसलिए चुनाव नतीजे भी अच्छे रहने की उम्मीद है।