MLA जवाहर ठाकुर के बयान को तोड़-मरोड़कर पेश कर रही कांग्रेस: पायल वैद्य

उमेश भारद्वाज। मंडी

मंडी जिला के विधानसभा क्षेत्र द्रंग के विधायक जवाहर ठाकुर द्वारा जनसभा में कांग्रेस प्रत्याशी प्रतिभा सिंह पर की गई विवादित टिप्पणी मामले ने सूबे में एकाएक राजनीति गर्मा दी है। मामले में भाजपा विधायक के खिलाफ लगातार हमलावर होती महिला कांग्रेस को सबक सिखाने के लिए प्रदेश भाजपा सचिव पायल वैद्य विधायक के बचाव में सामने आ गई हैं।

पायल वैद्य ने मंडी में कहा कि कांग्रेस चुनावी मुद्दों को भटकाने का प्रयास कर रही है। कांग्रेस के पास इस समय कोई मुद्दा नहीं है, इसलिए अनाप शनाप की बयानबाजी की जा रही है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस भावनात्मक प्रचार कर सहानुभूति हासिल करने की कोशिश की जा रही है। जबकि भाजपा विधायक के शब्दों को तोड़ मरोड़ कर पेश किया जा रहा है। उन्होंने आरोप लगाया कि कांग्रेस के सत्ता में रहते हुए गुड़िया कांड जैसा जघन्य अपराध हुआ।

उन्होंने कहा कि कांग्रेस के स्टार प्रचार कन्हैया कुमार ने जेएनयू में देश विरोधी नारे लगाए थे। उन्होंने कहा कि भाजपा ने महिलाओं को आगे बढ़ाया है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस पार्टी की जमानत पर रिहा चार बार की विधायक द्वारा प्रदेश के सीएम जयराम ठाकुर के लिए अपमानजनक शब्दों का प्रयोग किया गया। इसके अलावा कांग्रेस के स्टार प्रचारक विक्रमादित्य सिंह द्वारा भी ‘मकड़झंडू’ जैसे शब्दों का प्रयोग किया गया,क्या ये सब भी माफी मांगेंगे।