राठौर के नेतृत्व में भाजपा को मिलेगा करारा जवाब

उज्जवल हिमाचल ब्यूरो। शिमला

 

प्रदेश भाजपा द्वारा कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष कुलदीप सिंह राठौर पर की गई बयानबाजी पर कांग्रेस जिलाध्यक्षों ने बड़ा जबाबी हमला किया है। भाजपा पर पलटवार करते हुए मंडी जिलाध्यक्ष प्रकाश चैधरी, कांगड़ा जिलाध्यक्ष अजय महाजन , शिमला जिलाध्यक्ष यशवंत छाजटा , सिरमौर जिलाध्यक्ष अजय बहादुर सिंह , सोलन जिलाध्यक्ष शिव कुमार, हमीरपुर जिलाध्यक्ष राजेंद्र जार, बिलासपुर जिलाध्यक्ष अंजना धीमान, चंबा जिलाध्यक्ष नीरज नैयर समेत कुल्लू-लाहौल स्पीति और किन्नौर के जिला कांग्रेस अध्यक्षों ने एक सयुंक्त बयान में भाजपा नेताओं को आड़े हाथ लेते हुए कहा है कि कांग्रेस अध्यक्ष कुलदीप सिंह राठौर पर कोई भी टिप्पणी करने से पहले वह अपने नेताओं के साथ-साथ अपने अध्यक्ष की पूरी स्थिति की जानकारी जुटा लें। उन्होंने कहा कि राठौर को भाजपा के किसी प्रमाण पत्र की कोई आवश्यकता नही है। उन्हें पार्टी आलाकमान, सोनिया गांधी तथा राहुल गांधी ने प्रदेश कांग्रेस कमेटी की जिम्मेदारी सौंपी है जिसे वह एकजुटता के साथ पूरा कर रहें है।

कांग्रेस नेताओं ने कहा कि राठौर पार्टी के सर्वमान्य नेता हैं और प्रदेश का हर कांग्रेस कार्यकर्ता उन पर गर्व महसूस करता है। कुलदीप राठौर के पास संगठन का व्यापक अनुभव है। वे भारतीय राष्ट्रीय छात्र संगठन के प्रदेशाध्यक्ष से लेकर युवा कांग्रेस और उसके बाद कई वर्षों तक संगठन में समय देने के बाद प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष पद पर आसीन हुये हैं। इन नेताओं ने कहा कि लम्बे संगठनात्मक अनुभव की वजह से कुलदीप सिंह राठौर आज सभी को साथ लेकर सामने आकर के पार्टी का नेतृत्व कर रहे हैं और यही वजह है कि हिमाचल प्रदेश में कांग्रेस पार्टी एकजुटता के साथ केन्द व हिमाचल की भाजपा सरकार के जनविरोधी फैसलों का सड़को पर उतर कर विरोध कर रही है। कांग्रेस अध्यक्ष की ईमानदारी और अनुभव की वजह से हर कार्यकर्ता को उन पर नाज है। कांग्रेस नेताओं ने कहा कि राठौर कांग्रेस की आवाज हैं।

इन नेताओं ने कहा कि इसी बुलंद आवाज द्वारा जब भाजपा को बेनकाब किया जा रहा है तो भाजपा नेता बौखलाहट में है। कांग्रेस नेताओं ने कहा कि भाजपा नेता अपनी पार्टी का फिक्र करें जहां सत्ता संघर्ष में सरकार अपनी चाल भूल चुकी है। कांग्रेस नेताओं ने चुटकी लेते हुये कहा कि मुख्यमंत्री की मंत्री परवाह नहीं करते और मंत्रियों को अफसरशाही नहीं सुनती तथा अफसरशाही को कर्मचारी नहीं मानते। ऐसी निकम्मी, अनुभवहीन सरकार पहली बार सत्तासीन हुई है जिसकी दिशा और दशा दोनों ही खराब हैं। इन कांग्रेस नेताओं ने कहा कि पंचायत चुनावों में भाजपा सरकार द्वारा किए गए जनविरोधी फैसलों से जनता में भारी आक्रोश है जिसके चलते भाजपा नेता अब जनता का ध्यान भटकाने के लिए तर्कहीन बयानबाजी पर उतर आए हैं।उन्होंने कहा कि जिस तरह से भाजपा इन पंचायत चुनावों में पानी की तरह पैसा बहा रही है तथा साम दाम दण्ड भेद के सहारे इन चुनावों को प्रभावित करने का प्रयास कर रही है, उसे प्रदेश की जनता देख रही है।

कांग्रेस नेताओं ने कहा कि मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर समेत सभी भाजपा नेता अपने मुंह मीयाँ मिट्ठू बने बैठे हैं जबकि हकीकत यह है कि पूरे देश में जयराम सरकार सबसे निकम्मी, अनुभवहीन और नकारा साबित हुई है। उन्होंने कहा कि जिस लापरवाही के साथ इस सरकार ने तीन साल का समय काटा और खास कर करोना संकटकाल में प्रदेश का नुकसान किया वह सबके सामने है।लापरवाही के साथ करोना महामारी से निपटने में पूरी तरह असफल और मानवता के ऊपर आए इस संकट में भी भ्र्ष्टाचार फैलाया उससे पूरे देश में हिमाचल शर्मसार हुआ है। यह सरकार के माथे पर कलंक के समान है।