उज्जवल हिमाचल ब्यूरो। धर्मशाला
नगर निगम चुनावों में भाजपा को धर्मशाला की अनदेखी का हिसाब देना होगा। यह बात पूर्व मंत्री व काग्रेस के राष्ट्रीय सचिव सुधीर शर्मा ने कही। उन्होंने कहा कि नगर निगम चुनावों से ठीक पहले धर्मशाला विधानसभा के लिए जो करोड़ों की सौगात मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर ने दी है। उस सौगात की याद अभी ही क्यों आई। उन्होंने कहा कि चुनावों से ठीक पहले ऐसा क्या हो गया जो धर्मशाला पर भाजपा सरकार इतनी मेहरबान हो रही है। सुधीर शर्मा ने कहा कि धर्मशाला स्मार्ट सिटी ओर धर्मशाला नगर निगम कांग्रेस सरकार की देन हैं। 2017 के बाद धर्मशाला में विकास की गंगा क्यों उलटी बहने लगी। भाजपा के एक कैबिनेट मंत्री भी यहीं से थे तब ये सौगात और घोषणाओं का पिटारा कहां गुम हो गया था, भाजपा सरकार का तो हाल ‘थोथा चना बाजे घना जैसा है, नगर निगम चुनावों से पहले धर्मशाला पर इस तरह प्यार बरसाने का कारण जनता समझती है।
अधर में झूल रहे विकास कार्य
धर्मशाला विधानसभा ओर नगर निगम में जो भी विकास कार्य हुए हैं या चल रहे हैं वो कांग्रेस सरकार की देन हैं। धर्मशाला विधानसभा के लिए भाजपा सरकार का रवैया शुरू से ही उदासीन रहा है। सरकार बनने के तीन बरस पूरे हो जाने पर भी हिमाचल सरकार ने कभी धर्मशाला के विकास की तरफ ध्यान नहीं दिया। उल्टे जो विकास कार्य चल रहे थे वो भी अधर में झूल रहे हैं, जो विकास की लहर कांग्रेस ने 2012 से 2017 के बीच में क्षेत्र के लिए लाई उसका ही परिणाम है की आज सबके सामने पक्की सड़कों, स्मार्ट सीटी, नगर निगम, ऑपन जीम, फुटपाथ, पार्क, सुचारू बिजली व्यवस्था (स्ट्रीट लाईट), पार्किंग,कई उठाउ पेय जल योजनाओं को अमली जामा पहनाया गया, ये कांग्रेस सरकार की ही देन है जो धर्मशाला विकास के नये आयाम स्थापित कर पा रहा था, भाजपा सरकार आते ही क्षेत्र के विकास कार्यों को ठण्डे बस्ते में बंद कर दिया गया, और धर्मशाला मात्र भाजपा के बड़े नेताओं को खुश करने के लिए कार्यक्रम आयोजन स्थल बन कर ही रह गया।
झूठे विकास का पहना रहे चोला
जहां एक तरफ सरकार का कर्तव्य क्षेत्र का विकास और जनता की समस्याओं का निदान करना होना चाहिए था। वहीं, सरकार ने धर्मशाला को संगठनात्मक आयोजनों की कर्म भूमि बना झूठे विकास की उपलब्धियों का चोला पहनाना आरंभ कर दिया, चुनावों के आते ही घोषणाओं का पिटारा खोलना जय राम सरकार के लिए नई बात नहीं हैं, यह तो भाजपा की प्रथा को आगे बढ़ा रहे हैं, जैसे इनकी केंद्र सरकार करती है जहां चुनाव घोषित होते हैं चाहे वो विधानसभा के हो, पंचायत या निकाय चुनाव हो, घोषणाओं का ढोल वहां बजाना इस सरकार की पुरानी आदत है, कांग्रेस के करवाए कार्यों का श्रेय लेना भाजपा की पुरानी आदत है,
जनता दिखाएगी जयराम सरकार को आईना
आज अभी धर्मशाला में जाकर अगर आम जनता से विकास के बारे पूछा जाए तो नाम सिर्फ कांग्रेस का आएगा, धर्मशाला की जनता शिक्षित है, उनको पता है नगर निगम किसकी देन है, इसीलिए इन निकाय चुनावों में जनता जयराम सरकार को आइना जरूर दिखाएगी और अभी विधानसभा चुनावों को लगभग एक वर्ष से अधिक का समय है देखते हैं ये सौगात कब तक फलिभूत होती है। उन्होंने कहा सरकार को दूसरी राजधानी, केंद्रीय विश्वविध्यालय, आइटी पार्क, व प्रदेश फुटबाल अकादमी और धर्मशाला बस टर्मिनल बारे अपनी स्थिति स्पष्ट करनी चाहिए।