2 लाख लोगों से संपर्क कर भाजपा चलाएगी हस्ताक्षर अभियान

उमेश भारद्वाज। सुंदरनगर

किसानों से संबंधित कानून को लेकर पक्ष और विपक्ष अपनी अपनी मोर्चा बंदी तेज कर दी है। इसके पक्ष में भाजपा किसान मोर्चा प्रदेश में 25 अक्तूबर तक 2 लाख लोगों से संपर्क कर हस्ताक्षर अभियान लगतार जारी है। ये बात भाजपा किसान मोर्चा के प्रदेशाध्यक्ष राकेश शर्मा ने अपने जिला मंडी के दौरे के दौरान कही। इस अभियान के दौरान बूथ स्तर से गांव-गांव में हर किसान से हस्ताक्षर करवाए जाएंगे। इस मौके पर हिमाचल विधानसभा के अध्यक्ष विपिन परमार, सुंदरनगर के विधायक राकेश जंवाल और प्रदेश भाजपा किसान मोर्चा के आईटी को-आर्डिनेटर हैरी राजपूत, 5 मंडलों के मंडलाध्यक्ष, जिला कार्य समिति के सदस्य सहित कई अन्य कार्यकर्ता शामिल रहे।

भाजपा किसान मोर्चा के प्रदेशाध्यक्ष राकेश शर्मा ने कहा कि देशभर में कांग्रेस द्वारा किसान बिल के लागू होने के बाद लगातार प्रदर्शन किए जा रहे हैं। कांग्रेस लगातार आरोप लगा रही है कि यह बिल किसानों के लिए एक शोषण भरा बिल है। इसी को लेकर हिमाचल प्रदेश भाजपा किसान मोर्चा प्रदेश भर में 2 लाख हस्ताक्षर करवाने जा रहा है। उन्होंने कहा केंद्र सरकार ने एक लाख 64 हजार का बजट कृषि के लिए रखा है। वहीं, प्रदेश सरकार ने 197 करोड़ की कृषि योजना शुरू की है।

उन्होंने कहा की किसान मोर्चा हर बूथ पर 15-15 किसान प्रहरी नियुक्त कर रहा है। उन्होंने कहा कि केंद्र सरकार व प्रदेश सरकार द्वारा किसानों के हित में किए जा रहे कार्य को लेकर मोर्चा घर-घर जाकर इस बिल के पास होने पर पर्चे बांटे गए और लोगों को जागरूक किया जाएगा। उन्होंने कहा कि इसकी शुरुआत हिमाचल विधानसभा के अध्यक्ष विपिन परमार ने पत्रक बांट इसकी शुरुआत भी कर दी है।