34 सीटों में से भाजपा ने सर्वाधिक 15 सीटों पर हासिल की विजय

एसके शर्मा। हमीरपुर

हमीरपुर जिले के चार नगर निकायों के चुनाव में कांग्रेस को शिकस्त मिली है। जिला हमीरपुर के चार नगर निकायों की कुल 34 सीटों में से भाजपा ने सर्वाधिक 15 सीटों पर विजय हासिल की है। दूसरे नंबर पर 12 सीटों के साथ निर्दलीय रहे, जबकि कांग्रेस को 34 में से महज 7 सीटों पर विजयी हासिल हुई है। वहीं, जिला मुख्यालय की नगर परिषद हमीरपुर के चुनाव नतीजे इस बार काफी चौंकाने वाले रहे हैं। यहां भाजपा विधायक नरेंद्र ठाकुर अपने वार्ड-1 से भाजपा प्रत्याशी बिमला ठाकुर को जीता नहीं सके।

विधायक के वार्ड से कांग्रेस प्रत्याशी नीना चौधरी ने रिकॉर्ड 231 मतों से जीत हासिल की है। वहीं, भाजपा समर्थित नगर परिषद हमीरपुर में निवर्तमान अध्यक्ष सुलोचना देवी और निवर्तमान उपाध्यक्ष दीप कुमार बजाज दोनों 200 मतों से अधिक के अंतर से चुनाव हार गए। निवर्तमान अध्यक्ष सुलोचना देवी को सर्वाधिक 265 मतों तो उपाध्यक्ष दीप कुमार बजाज 243 मतों से करारी शिकस्त मिली। नगर परिषद हमीरपुर में भाजपा ने 11 में से 5 सीटों, कांग्रेस ने 2 सीटों, जबकि निर्दलीयों ने दूसरे नंबर पर रह कर सर्वाधिक 4 सीटों पर विजयी हासिल की है।

हालांकि, वार्ड-4, वार्ड-6 से चुनाव जीतने वाले दोनों भाजपा के बागी उम्मीवार हैं, जिसके चलते यहां पर बीजेपी अपनी पार्टी का अध्यक्ष और उपाध्यक्ष बनाने में कामयाब हो सकती है, लेकिन इसके लिए संघर्ष करना पड़ेगा। वार्ड-4 से जीत निर्दलीय संदीप भारद्वाज और वार्ड-6 से जीती सुदेश आनंद दोनों पूर्व मुख्यमंत्री प्रेम कुमार धूमल के काफी करीबी हैं, लेकिन अध्यक्ष और उपाध्यक्ष बनाने में इस बार निर्दलीयों की अहम भूमिका रहेगी। जिला की पांच विधानसभा सीटों में से कांग्रेस के तीन विधायक होने के बावजूद कांग्रेस को करारी शिकस्त का सामना करना पड़ा।

प्रदेश कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष एवं नादौन के विधायक सुखविंद्र सिंह सुक्खू के गृह क्षेत्र नगर पंचायत नादौन में कांग्रेस की एक भी प्रत्याशी नहीं जीता। हालांकि नादौन से जीते शम्मी सोनी कांग्रेस से ही ताल्लुक रखते हैं, लेकिन कांग्रेस ने उन्हें अपना प्रत्याशी घोषित नहीं किया था। यहां भाजपा ने 7 में से सर्वाधिक 4 सीटों पर जीत हासिल की। वहीं, बड़सर से कांग्रेस के विधायक इंद्रदत्त लखनपाल के गृह क्षेत्र नगर पंचायत भोटा में कुल 7 सीटों में से 4 सीटें निर्दलीयों ने जीती, जबकि बीजेपी ने 2 और कांग्रेस ने एक सीट पर विजय हासिल की। कांग्रेस बलदेव सिंह ने एक सीट हासिल कर विधायक की लाज बचाई है। इसी तरह नगर परिषद सुजानपुर की कुल 9 सीटों में से भाजपा और कांग्रेस की क्रमश: 4-4 सीटें आई हैं, जबकि एक पर निर्दलीय ने बाजी मारी है।

वार्ड-3 से जीती सबसे युवा उम्मीदवार
नगर परिषद हमीरपुर के वार्ड-3 से सबसे युवा उम्मीदवार ने जीत हासिल की है। यहां से भाजपा की डिंपल बाला ने जीत हासिल की है। वह वर्तमान में 30 वर्ष की हैं, जबकि शेष सभी 33 जीते प्रत्याशी इनसे उम्र में काफी बड़े हैं।