राजकीय महाविद्यालय में लगी पुस्तक प्रदर्शनी

हिमाचल प्रदेश के पूर्ण राज्यत्व स्वर्ण जयंती वर्ष के तहत हुआ आयोजन, कॉलेज प्राचार्य ने किया शुभारंभ

जतिन लटावा। जोगिंद्रनगर

राजीव गांधी स्मारक राजकीय महाविद्यालय जोगिंद्रनगर में आज पुस्तक प्रदर्शनी का आयोजन किया गया। इस पुस्तक प्रदर्शनी के माध्यम से कॉलेज लाइब्रेरी में उपलब्ध विभिन्न विषयों की किताबों के साथ-साथ प्रतियोगी परीक्षाओं एवं धार्मिक व दर्शनशास्त्र इत्यादि पुस्तकों को भी प्रदर्शित किया गया। हिमाचल प्रदेश के पूर्ण राज्यत्व के स्वर्ण जयन्ती वर्ष के अंतर्गत आयोजित इस पुस्तक प्रदर्शनी का शुभारंभ कॉलेज की प्राचार्य प्रोफैसर सुनीता सिंह ने किया। इस मौके पर हिमाचल प्रदेश पूर्ण राज्यत्व स्वर्ण जयंती वर्ष कॉलेज आयोजन समिति के संयोजक प्रो. ओम प्रकाश, कॉलेज लाइब्रेरी कमेटी के संयोजक प्रो. धर्मवीर सिंह व कॉलेज लाईब्रेरियन रूप लाल राणा सहित कॉलेज का अन्य स्टाफ भी मौजूद रहा।

इस मौके पर जानकारी देते हुए कॉलेज की प्राचार्य प्रो. सुनीता सिंह ने बताया कि हिमाचल प्रदेश पूर्ण राज्यत्व के स्वर्ण जयन्ती वर्ष के तहत आयोजित इस पुस्तक प्रदर्शनी का प्रमुख उद्देश्य जहां कॉलेज में शिक्षा ग्रहण कर रहे विद्यार्थियों को कॉलेज लाइब्रेरी में उपलब्ध पुस्तकों की जानकारी उपलब्ध करवाना है, तो वहीं पुस्तकें पढ़ने की प्रवृति को भी जागृत करना है। उन्होंने इस आयोजन के लिए कॉलेज पुस्तकालय कमेटी के प्रयासों को सराहा तथा कहा कि इस तरह के आयोजनों से हमारे युवाओं में पुस्तकों के प्रति जागरूकता न केवल बढ़ेगी, बल्कि वे पुस्तकें पढ़ने के प्रति प्रेरित भी होंगे।

कॉलेज लाइब्रेरी में उपलब्ध हैं 12 हजार पुस्तकें, पूरी तरह से डिजिटल है कॉलेज लाइब्रेरी
कॉलेज के पुस्तकालयाध्यक्ष रूप लाल राणा ने बताया कि लाइब्रेरी में कॉलेज में पढ़ाए जा रहे 18 विभिन्न विषयों के साथ-साथ धार्मिक, प्रतियोगी परीक्षाओं के साथ-साथ दर्शनशास्त्र इत्यादि से जुड़ी लगभग 12 हजार पुस्तकें उपलब्ध हैं। इसके अतिरिक्त कॉलेज में 20 विभिन्न पत्रिकाओं के साथ-साथ प्रतिदिन 10 समाचार पत्र भी विद्यार्थियों के लिए उपलब्ध रहते हैं। उन्होंने बताया कि कॉलेज लाइब्रेरी में उपलब्ध सभी पुस्तकों की डिजिटल जानकारी ऑनलाइन मौजूद है। इसके अलावा ऑनलाइन जर्नल की सुविधा के लिए प्रतिवर्ष 6 हजार रूपए की राशि कॉलेज लाइब्रेरी कमेटी द्वारा व्यय की जा रही है।

कॉलेज की अब तक की यात्रा पर बनाई डॉक्यूमेंट्री फिल्म
स्वर्ण जयंती वर्ष कॉलेज आयोजन समिति के संयोजक प्रो. ओम प्रकाश ने बताया कि जोगिंद्रनगर कॉलेज के अब तक के सफर पर एक डाक्यूमेंट्री फिल्म भी बनाई जा रही है। इसके अलावा पुस्तक के माध्यम से भी कॉलेज के अबतक के सफर को प्रदर्शित किया जाएगा। उन्होंने कहा कि हिमाचल प्रदेश के पूर्ण राज्यत्व के स्वर्ण जयंती वर्ष का आयोजन हम सबके लिए गौरवशाली पल हैं। ऐसे में जोगिंद्रनगर कॉलेज भी इन ऐतिहासिक पलों में अपनी अहम भूमिका दर्ज करवाएगा। पुस्तक प्रदर्शनी को लेकर कॉलेज विद्यार्थियों में खासा उत्साह देखा गया। इससे न केवल कॉलेज विद्यार्थियों ने लाइब्रेरी में उपलब्ध विभिन्न पुस्तकों की जानकारी एकत्रित की, बल्कि प्रतियोगी, धार्मिक एवं दर्शनशास्त्र से जुड़ी विभिन्न पुस्तकों के प्रति भी खासी रुचि दिखाई।