सिहुनी से राजोल तक फोरलेन निर्माण के लिए 696 करोड़ रुपये का बजट स्‍वीकृत

उज्जवल हिमाचल। धर्मशाला

हिमाचल प्रदेश में फोरलेन निर्माण कार्य तेजी पकड़ेगा। जिला कांगड़ा में एनएच 154 मंडी-पठानकोट के तहत फोरलेन निर्माण के लिए केंद्रीय मंत्री नितिन गडकरी ने बजट जारी करने की जानकारी दी है। सिहुनी से राजोल तक फोरलेन निर्माण, पुनर्वास व उन्‍नयन के लिए 696 करोड़ रुपये के बजट को स्‍वीकृति दे दी है।

पठानकोट मंडी फोरलेन के दूसरे चरण के निर्माण के लिए केंद्र ने यह बजट स्वीकृत किया है। केंद्रीय मंत्री नितिन गड़करी ने ट्वीट करके इस संबंध में जानकारी साझा की। उन्होंने अपने ट्वीट में स्पष्ट किया है कि पठानकोट-मंडी फोरलेन के लिए सिहुनी से राजोल तक पुनर्वास एवं उन्नयन और सुदृढ़ीकरण के लिए 696.65 करोड़ रुपये जारी हुए हैं। इस बजट से फोरलेन का निर्माण कार्य और प्रभावितों को दिए जाने वाली मुआवजा राशि का प्रबंध किया जाएगा। शाहपुर क्षेत्र में भी सैकड़ों लोग फोरलेन की जद में आ रहे हैं।

जानकारी के मुताबिक फोरलेन के पहले चरण का कार्य कंडवाल से लेकर सिहुनी तक चल रहा है। वहीं अब दूसरे चरण सिहुनी से राजोल तक करीब 10 से 12 किलोमीटर के स्लैब के निर्माण कार्य भी अब शुरू हो जाएगा। यहां बता दें कि कंडवाल से सिहुनी तक फोरलेन के निर्माण की जद में करीब 750 इमारतें आ रही हैं। इसके अलावा लोगों की जमीनें भी हैं। प्रशासन की ओर से प्रभावितों को मुआवजा राशि दी जा रही है।

पठानकोट-मंडी राष्ट्रीय राजमार्ग पर बनने वाले फोरलेन को लेकर प्रशासन की ओर से जमीन अधिग्रहण का कार्य तेजी लाई गई है, जिससे इस फोरलेन के निर्माण का मार्ग प्रशस्त हो रहा है। नूरपुर प्रशासन ने अभी तक फोरलेन निर्माण के लिए अधिग्रहण की गई जमीन के मुआवजे की कुल 144 करोड़ की राशि में से अभी तक 121 करोड़ रुपये की मुआवजा राशि फोरलेन प्रभावितों को वितरित कर दी है। इसके अलावा शेष को मुआवजा राशि देने की प्रक्रिया जारी है।