पांच राज्यों के चुनाव के बाद होगा मंत्रिमंडल व संगठन में फेरबदल: सीएम जयराम ठाकुर

उज्जवल हिमाचल। शिमला

मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर ने कहा है कि पांच राज्यों के चुनाव के बाद हिमाचल मंत्रिमंडल व भाजपा संगठन में फेरबदल होगा। राज्य सरकार व संगठन में निष्क्रिय लोग बाहर होंगे। अभी आलाकमान पांच राज्यों के चुनाव पर ध्यान केंद्रित कर रही हैं। शिमला स्थित राज्य सचिवालय में शुक्रवार को पत्रकारों से बातचीत में उन्होंने कहा कि उत्तर प्रदेश, उत्तराखंड, पंजाब व गोवा सहित पांच राज्यों के चुनाव के बाद भाजपा आलाकमान का ध्यान हिमाचल पर होगा।

विधानसभा चुनाव भी वर्ष के अंत में होने हैं, ऐसे में सरकार व संगठन में फेरबदल संभव है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी का हिमाचल प्रदेश से विशेष लगाव है और पार्टी राष्ट्रीय अध्यक्ष जगत प्रकाश नड्डा हिमाचल से हैं। उपचुनाव में मिली हार के बाद हुई राजनीतिक चर्चा से साफ हुआ कि भाजपा विधानसभा चुनाव जीत सकती है। 2022 में हिमाचल में मिशन रिपीट को साकार करने के लिए हर संभव प्रयास होंगे। मंत्रिमंडल व संगठन में फेरबदल भी इसी कड़ी का हिस्सा रहेगा।