हिमाचल में आज कैबिनेट विस्तारः राजेश धर्माणी और यादवेंद्र गोमा बनेंगे मंत्री

उज्ज्वल हिमाचल। शिमला

हिमाचल प्रदेश में कांग्रेस के नेतृत्व वाली सुक्खू सरकार का पहला कैबिनेट विस्तार आज दोपहर बाद होने के आसार हैं। मंत्री बनाने वाले संभावित विधायकों को शिमला बुला लिया गया है। बिलासपुर जिला से एकमात्र विधायक राजेश धर्माणी मंत्री पद की शपथ लेंगे। धर्माणी घुमारवीं विधानसभा क्षेत्र से तीसरी बार विधायक बने हैं। शपथ ग्रहण समारोह के लिए राज्यपाल के दिल्ली से शिमला लौटने का इंतजार किया जाएगा।

सूत्रों के मुताबिक राज्यपाल के लौटने पर शाम चार बजे शपथ ग्रहण समारोह हो सकता है। सुक्खू कैबिनेट में मंत्रियों के तीन पद रिक्त चल रहे हैं। हालांकि अभी यह स्पष्ट नहीं हुआ है कि कितने पदों को भरा जाएगा। पिछले दिनों मुख्यमंत्री सुक्खू ने साफ किया था कि इसी महीने कैबिनेट विस्तार किया जाएगा। प्रदेश में पिछले कुछ माह से कैबिनेट विस्तार की चर्चाओं से सियासी गलियारों में सरगर्मी बढ़ी हुई थी। सूत्रों की मानें तो इस कैबिनेट विस्तार में एक से तीन लोगों को मंत्री बनाया जा सकता है। वहीं कुछ लोगों के विभाग बदलने की भी सुगबुगाहट है।

यह भी पढ़ेंः अपनी बदहाली पर आंसू बहा रहा राजकीय संस्कृत कॉलेज सुंदरनगर

इस विस्तार में फिलहाल राजेश धर्माणी का नाम फाइनल है। कांगड़ा जिला के जयसिंहपुर से विधायक यादवेंद्र गोमा के नाम की भी चर्चा जोरों पर है। कैबिनेट विस्तार में जातीय व क्षेत्रीय संतुलन को ध्यान में रखा जाएगा। राजेश धर्माणी जहां ब्राह्रमण समुदाय से हैं वहीं यादवेद्र गोमा अनुसूचित जाति से आते हैं। 15 विधानसभा सीटों वाले कांगड़ा जिला में वर्तमान में एक ही मंत्री है। मंत्रिमंडल के अन्य दावेदारों में कांगड़ा जिला के धर्मशाला से सुधीर शर्मा, हमीरपुर जिला के सुजानपुर से राजेंद्र राणा का नाम भी रेस में है।

ब्यूरो रिपोर्ट शिमला

हिमाचल प्रदेश की ताजातरीन खबरें देखने के लिए उज्जवल हिमाचल के फेसबुक पेज को फॉलो करें