चंगर महिला संघर्ष मोर्चा का गठन, अनिता बनी प्रधान

नीरज शर्मा। नगरोटा बगवां

चंगर संघर्ष मोर्चा नगरोटा बगवां विधानसभा क्षेत्र के अध्यक्ष उमाकांत डोगरा, सचिव राजेश धीमान, रमेश कुमार उपाध्यक्ष, संसार चंद सह सचिव की अध्यक्षता में बड़ोह में महिलाओं की सभा का अयोजन किया गया। इसमें चंगर महिला संघर्ष मोर्चा का गठन किया गया। इसमें अनिता कुमारी पूर्व प्रधान ग्राम पंचायत खावा को अध्यक्ष, दर्शना देवी को महा सचिव, राजीवना देवी प्रधान ग्राम पंचायत सुन्ही को उपाध्यक्ष व सीमा देवी को सह सचिव, बिमला देवी को कैशियर, रीना देवी को मीडिया प्रभारी एवं सुमना देवी व रुक्को देवी को कमेटी सदस्य चुना गया।

बैठक में फैसला लिया गया कि आने वाले समय में चंगर क्षेत्र की महिलाओं को चंगर महिला संघर्ष मोर्चा के साथ जोड़ा जाएगा व महिलाओं की समस्याओं को प्रमुखता के साथ उठाया जाएगा। चंगर क्षेत्र में महिलाओं के लिए लघु उद्योग खुलवाकर रोजगार मुहैया कराने बारे सरकार के समक्ष मांग रखी जाएगी। पेयजल संबंधी समस्या को प्रमुखता से उठाया जाएगा। दहेज़ एवं किसी भी प्रकार से प्रताड़ित महिलाओं के मुद्दों को भी प्रमुखता से उठाया जाएगा।

अवैध रूप से नशे के कारोबारियों के खिलाफ, हर एक पंचायत व गांव तक बस सुविधा उपलब्ध कराए जाने बारे, प्राइवेट स्कूलों द्वारा फीस मामले में की जाने बाली मनमानी, हर एक गांव तक एंबुलेंस जाने लायक रोड़, बस स्टैंड व मुख्य स्थानों में शौचालय का निर्माण आदि मुद्दों को लेकर आने वाले समय में प्रशासन व सरकार के समक्ष मांग पत्र रखा जाएगा व पूरा न होने वाली सुरत में आने वाले समय में संघर्ष का रास्ता अख्तियार किया जाएगा।