बिग ब्रेकिंग : 42 किलो चरस के साथ मुख्य सरगना गिरफ्तार

मनीष ठाकुर। कुल्लू

गत दिनों कुल्लू जिला के बंजार इलाके में 42 किलो से ज्यादा पकड़ी चरस मामले में पुलिस ने मुख्य सरगना को कुल्लू पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है, जिसके बाद इस अवैध धंधे में लगे माफियाओं में अब हड़कंप मच गया है। पुलिस ने चरस तस्करी मामले में अब 47 वर्षीय मदन लाल निवासी घरटसेरी अनाह को गिरफ्तार किया है। यह आरोपी कुल्लू जिला के बंजार के श्रीकोट पंचायत की महिला प्रधान का पति है। इससे पहले यह व्यक्ति इसी पंचायत का प्रधान भी रह चुका है।

गत दिनों कुल्लू जिला पुलिस ने बंजार इलाके में एक टाटा 407 में 42 किलो से ज्यादा चरस की खेप पकड़ी थी, जो कि टाटा 407 के डाले में एक चेम्बर बना कर छुपाई गई थी। पुलिस को गुप्त सूचना मिलने के बाद पुलिस ने चरस ढो रहे वाहन को 11 जून को रास्ते में नाका लगा पकड़ा था, जिसमें मौके पर वाहन के ड्राइवर को गिफ्तार कर लिया था। साथ ही कुछ दिनों बाद उसके मालिक को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया।

पुलिस के मुताबिक मालिक ने वाहन में चरस छुपाने के लिए एक चेंबर नुमा जगह बनाई थी।उसी दिन से वाहन के ड्राइवर के पूछ ताछ के बाद इस करोड़ो की खेप के मुख्य सरगना की पुलिस को तलाश थी। आज सुबह पुलिस ने बंजार के श्रीकोट पंचायत के महिला प्रधान के पति मदन लाल को जंगलों में से गिफ्तार कर लिया।

प्रधान का पति ही 42 किलो से ज्यादा चरस को लोड करने अपनी बोलेरो कार में आया था। बोलेरो तो पुलिस ने पहले दिन ही पकड ली थी, लेकिन मुख्य सरगना पुलिस को चकमा दे जंगलों में छुपता फिर रहा था। पुलिस आज सुबह इसे गिफ्तार कर लिया। कुल्लू जिला में 17 वर्षाें के बाद इतनी बड़ी मात्रा के चरस की खेप पकड़ी गई, जिसकी अंतररास्ट्रीय बाजार में कीमत करोड़ों में बताई जा रही है।

पुलिस अभी इस मामले में इससे जुड़े अन्य तारो को खंगालने में लगी है कि इस इतनी बड़ी खेप को आखिर कहा से ले जाया जा रहा था, कौन इसका खरीदार था। फिलहाल पुलिस ने आरोपी के सभी बैंक खातों को सीज कर दिया है।