चीन की लापरवाही दुनिया को पड़ी भारी! वैज्ञानिकों ने मानी चमगादड़ों के काटने की बात

उज्जवल हिमाचल। डेस्क

दुनियाभर में कोहराम मचाने वाले कोरोना वायरस की शुरुआत बीते साल चीन के वुहान से हुई थी। कई बार टांग अड़ाने के बाद अब जाकर चीन ने विश्व स्वास्थ्य संगठन की टीम को इसकी उत्पत्ति की जांच के लिए वुहान आने दिया है। हालांकि, इस बीच एक ऐसा वीडियो सामने आया है जिससे एक बार फिर इस बात की पुष्टि होती है कि कोरोना वायरस चमगादड़ों से ही इंसानों तक पहुंचा और इसकी एक सबसे बड़ी वजह चीनी वैज्ञानिकों की लापरवाही थी। दरअसल, दो साल पहले का एक वीडियो से यह पता लगा है कि वुहान इंस्टिट्यूट ऑफ वायरोलॉजी के वैज्ञानिकों को एक गुफा से सैंपल लेते समय चमगादड़ों ने काटा था। वीडियो में वैज्ञानिक खुद यह मान रहे हैं। यही नहीं यह गुफाएं कोरोना वायरस से संक्रमित चमगादड़ों का घर कही जाती हैं।

ताइवान न्यूज के मुताबिक, 29 दिसंबर 2017 को चीन के एक सरकारी टीवी चैनल ने वीडियो जारी किया था जिसमें चीन की बैट वुमन कही जाने वाली शी झेंगली और डब्ल्यूआईवी में वैज्ञानिकों की उनकी टीम सार्स की उत्पत्ति का पता लगाने निकले थे। यह जानते हुए कि गुफा में मौजूद चमगादड़ खतरनाक और संक्रामक साबित हो सकते हैं, वीडियो में वैज्ञानिकों को सुरक्षा मानको को ताक पर रखते देखा जा सकता है। कुछ ने टीशर्ट पहनी थी तो कुछ बेफिक्र होकर चमगादड़ों को पकड़े दिख रहे हैं। इसका परिणाम यह हुआ कि टीम में मौजूद एक सदस्य को चमगादड़ ने काट लिया।