हिमाचल निर्माता की जयंती पर सीएम और राज्यपाल ने अर्पित किए श्रद्धा सुमन

उज्जवल हिमाचल ब्यूराे। शिमला

प्रदेश के पहले मुख्यमंत्री डा. यशवंत सिंह परमार की 114वीं जयंती पर मंगलवार को मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर ने शिमला के ऐतिहासिक रिज मैदान पर स्थापित डा. परमार की प्रतिमा पर श्रद्धासुमन अर्पित किए। इस दौरान राज्यपाल बंडारू दत्तात्रेय ने भी श्रद्धासुमन अर्पित किए। इसके बाद मुख्यमंत्री ने हिमाचल प्रदेश विधानसभा में आयोजित डा. परमार की जयंती समारोह में भाग लिया। इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने कहा कि परमार हिमाचल निर्माता के रूप में जाने जाते थे।

वे पहले मुख्यमंत्री थे, जिन्होंने प्रदेश को दिशा और नेतृत्व दिया और उनके बताए गए मार्ग पर हिमाचल आगे बढ़ते हुए एक सम्माननजनक स्थान पर पहुंचा है। उन्होंने कहा कि हिमाचल लंबे अंतराल के बाद काफी आगे बढ़ा है। पहाड़ी प्रदेश को विकाश के मार्ग पर आगे बढ़ाने में जो मार्गदर्शन डॉ परमार ने दिया, उसका प्रदेश के सभी मुख्यमंत्रीयों ने अनुसरण किया है। इस अवसर पर राज्यपाल बंडारू दत्तात्रेय ने रिज पर स्थित डॉ परमार की प्रतिमा पर पुष्प अर्पित किए।

राज्यपाल ने कहा कि परमार का बहुत बड़ा व्यक्तित्व था। उन्होंने कहा कि परमार ने पहाड़ी परिस्थितियों को देखते हुए हिमाचल का विकास किया। राज्यपाल ने डॉ परमार की तुलना लाल बहादुर शास्त्री से करते हुए कहा कि जैसे शास्त्री अपने पद छोड़ने के बाद सरकारी गाड़ी छोड़कर घर गए उसी तरह परमार भी मुख्यमंत्री पद छोड़ने के बाद बस में घर गए। उन्होंने कहा कि हिमाचल के पिछड़े हुए पहाड़ी क्षेत्राें का विकास ही उनके लिए सच्ची श्रद्धांजलि होगी।