सीएम ने जारी किया 6 पन्नों का ‘लोक कल्याण संकल्प पत्र’

उमेश भारद्वाज। मंडी

मुुख्यमंत्री जयराम ठाकुर ने अपने मंडी दौरे के दौरान वीरवार देर रात नगर निगम चुनावों को लेकर भारतीय जनता पार्टी का 6 पन्नों का ‘लोक कल्याण संकल्प पत्र’ का विमोचन किया। वहीं मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर ने मंडी वासियों से 7 अप्रैल को होने वाले नगर निगम चुनाव में भारी मतों से भाजपा प्रत्याशियों को विजयी बनाने की अपील की है। मुख्यमंत्री वीरवार को मंडी में आयोजित प्रेेेसवार्ता को संबोधित कर रहे थे। संकल्प पत्र में भारतीय जनता पार्टी के द्वारा मंडी क्षेत्र में कांग्रेस जन प्रतिनिधियों विशेषकर एक परिवार का वर्चस्व रहने का पहले ही पेज पर ही उल्लेख करने से पूर्व केंद्रीय संचार मंत्री पंडित सुखराम और पार्टी से खासा नाराज चल रहे वर्तमान भाजपा विधायक अनिल शर्मा पर निशाना साधा गया है। लोक कल्याण संकल्प पत्र में मंडी को नगर निगम का दर्जा देने और विकास में प्रदेश सरकार के योगदान को दर्शाया गया है। संकल्प पत्र में भाजपा के द्वारा मंडी में भविष्य के लिए विकास की आधार शिलाओं और विकास के नए आयाम को मंडी वासियों के सामने रखा गया है।

लोक कल्याण संकल्प पत्र में मंडी नगर निगम के तहत भाजपा के द्वारा स्वच्छता एवं जन स्वास्थ्य,पर्यटन विकास, वन संरक्षण व सौंदर्यकरण, पेयजल आपूर्ति,सड़क एवं यातायात, रोजगार सृजन व गरीबी उन्मूलन, शिक्षा विकास, स्वास्थ्य सुविधाएं, पशुपालन एवं बेसहारा पशुओं की सुरक्षा और गृह निर्माण और प्रशासनिक सुधार तथा अन्य विकास के आयाम को शुरू करने को लेकर एक लंबी फहरिस्त मतदाताओं के समक्ष प्रस्तुत की गई है। लेकिन अब 7 अप्रैल को ही पता चलेगा की भाजपा के द्वारा जारी संकल्प पत्र नगर निगम के मतदाताओं को रिझाने में सफल हो पाएगा। मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर ने कहा कि मंडी नगर निगम चुनावों को लेकर जारी संकल्प पत्र को पार्टी के द्वारा लोक कल्याण संकल्प पत्र कहा गया है। उन्होंने कहा कि मंडी नगर नियम चुनावों को लेकर उनके द्वारा सात जगहों पर प्रचार किया गया है। उन्होंने कहा कि सभी जगहों पर लोगों का रूझान भाजपा के तरफ देखने को मिला है। प्रदेश में खतरनाक साबित हो रही कोरोना की दूसरी लहर को लेकर मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर ने कहा कि प्रदेश में स्कूल और कॉलेज शुरू कर दिए गए थे, लेकिन इन नए हालतों के कारण सरकार नहीं चाहती है की बड़ी संख्या में विद्यार्थी संक्रमित का शिकार हो जाएं। जयराम ठाकुर ने कहा कि अगर प्रदेश में कोरोना संक्रमण के मामलों में कमी आती है तो स्कूल और कॉलेज खोलने को लेकर फिर विचार किया जाएगा। प्रदेश में प्राईवेट स्कूलों और अभिभावकों के बीच एनुअल चार्जेस लेने को लेकर चल रहे विवाद पर मुख्यमंत्री ने कहा कि अभिवावकों और स्कूल प्रबंधन के बीच एनुअल चार्जेस को लेकर अपने-अपने मत हैं। उन्होंने कहा कि मामले में दोनों पक्षों को बुलाकर समाधान निकालने की कोशिश की जाएगी।