प्रलोभन की राजनीति कर रही भाजपा : राठौर

कांग्रेस प्रदेशाध्यक्ष का आरोप, पार्टी के जीते प्रतिनिधियों को अपनी तरफ मिलाया

उज्जवल हिमाचल। शिमला

कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष कुलदीप राठौर ने बीजेपी सरकार पर प्रलोभन की राजनीति करने का आरोप लगाया है। उन्होंने कहा कि बीजेपी प्रदेश भर में डर और भय का माहौल बनाकर प्रलोभन देकर कांग्रेस के जीते हुए प्रतिनिधियों को अपनी तरफ मिलाकर जिला परिषद और पंचायत समिति बना रही है। यहां तक कि कसुम्पटी के एक बीडीसी सदस्य को भाजपा ने अगवा करके 6 दिन बाहर रखा और उनका मोबाइल तक छीन लिया।

कुलदीप राठौर ने कहा कि भाजपा अपने कार्यकर्ताओं के साथ भी धोखा कर रही है। मंडी में भाजपा समर्थित सदस्य के हारने के बाद निर्दलीय को भाजपा ने अध्यक्ष बना दिया है। राठौर ने चेतावनी दी कि भाजपा ने ये जो नई राजनीति शुरू की है वे ठीक नहीं है। कांग्रेस पार्टी इसको लेकर कानूनी कार्रवाई की भी सोच रही है। क्योंकि भाजपा सत्ता के दम पर प्रलोभन देकर और जीते हुए प्रतिनिधियों के रिश्तेदारों के तबादलों का भय दिखाकर जिला परिषद और बीडीसी अध्यक्ष उपाध्यक्ष बना लिए हैं। कांग्रेस ये बर्दाश्त नहीं करेगी। इसका हर स्तर पर विरोध जताया जाएगा।