अब प्लास्टिक वेस्ट से होगा सड़कों का निर्माण

जतिन लटावा। जोगिंद्रनगर

जोगिंद्रनगर में अब प्लास्टिक वेस्ट से सड़कों का निर्माण होगा। इसके लिए पर्यावरण एवं प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड ने लाखों रुपए की मशीनरी नगर परिषद को भेंट की है। वार्ड पांच अपर सेरी में निर्माणाधीन पार्किंग स्थल पर प्लास्टिक वेस्ट को वैज्ञानिक ढंग से निष्पादित कर लोक निर्माण विभाग को सौंपा जाएगा। विभाग इसे सड़कों के निर्माण में लाएगा। प्लास्टिक वेस्ट के निष्पादन के लिए अब नगर परिषद को अधिक जद्दोजहद नहीं करनी पड़ेगी।

  • 8 लाख की मशीनरी नगर परिषद को की गई भेंट…

दो विभागों ने नगर परिषद के प्लास्टिक वेस्ट को ठिकाने लगाने के लिए अपने हाथ आगे बढ़ाए हैं। इन दिनों नगर परिषद के सफाई कर्मचारी कचरे के ढेर से प्लास्टिक की छंटनी में लगे हुए हैं। नगर परिषद के कनिष्ठ अभियंता शशि भूषण शर्मा ने कहा कि करीब आठ लाख की मशीनरी नगर परिषद को पर्यावरण एवं प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड ने भेंट की है।

  • प्लास्टिक वेस्ट को 75 रुपए किलो बेच रहे हैं उपभोक्ता…

इससे पहले शहरी विकास विभाग ने नगर परिषद को प्लास्टिक वेस्ट के निष्पादन के लिए एक मशीन उपलब्ध करवाई थी। वेस्ट का चूरा कर इसे लोक निर्माण विभाग को नगर परिषद की सड़कों के निर्माण के लिए सौंपा जा रहा है। उपभोक्ता प्लास्टिक वेस्ट को 75 रुपए किलो बेच रहे हैं। शहरी क्षेत्र को साफ सुथरा रखने के लिए प्लास्टिक वेस्ट की खरीद भी नगर परिषद कर रहा है। उपभोक्ता 75 रुपए प्रति किलो वेस्ट प्लास्टिक नगर परिषद को दे रहे हैं।