नगर निगम को मिले 15 करोड़, निगम ने तैयार किया विकास का खाका

उमेश भारद्वाज। मंडी

नवगठित नगर निगम मंडी के विकास को जल्द ही चार चांद लगने वाले हैं। इसके लिए नगर निगम में कवायद तेज कर दी है। नगर निगम मंडी को राज्यस्तरीय स्वतंत्रता दिवस के मौके पर मुख्यमंत्री से मिले 15 करोड़ की धनराशि से अब मंडी शहर के विभिन्न वार्डों में गाड़ियों के लिए पार्किंग स्थल, फूलों से सजे सुंदर और मनोरम पार्क व शारिरिक स्वास्थ्य के लिए ओपन जिम बनाए जाऐंगे। यह जानकारी नगर निगम मंडी के उपमहापौर विरेंद्र भट्ट ने मंडी में पत्रकारों से अनौपचारिक बातचीत में दी।

  • अब नगर निगम मंडी शहर में बनाएगी पार्किंग, सुंदर पार्क और ओपन जिम
  • नवगठित नगर निगम मंडी के उप महापौर विरेंद्र भट्ट ने दी जानकारी
  • स्टाफ की कमी को लेकर पूछे गए सवाल के जवाब में बोले वीरेंद्र भट्ट

विरेंद्र भट्ट ने पूरी नगर निगम व शहर वासियों की तरफ से नगर निगम मे करवाए जा रहे विकास कार्यों के लिए प्रदेश के मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर का आभार जताया। उन्होने बताया कि मंडी नगर निगम ने विभिन्न विकास परियोजनाओं के लिए खाका तैयार कर लिया है और शीघ्र ही उसे अमली जामा पहनाने की कोशिश की जाएगी। इसके साथ ही नगर निगम में स्टाफ की कमी को लेकर पूछे गए सवाल के जवाब में उप महापौर विरेंद्र भट्ट ने कहा कि अभी अधिकतर पद खाली चल रहे हैं जिससे विकास कार्यों के बेहतर और शीघ्र निष्पादन में समय लग रहा है लेकिन प्रदेश के मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर इस स्थिति से अवगत हैं और उन्होने जल्द ही पदों को भरने का आश्वासन दिया है।

  • उप महापौर बोले – नगर निगम मंडी के विकास में नहीं रहेगी कोई कमी
  • नगर निगम में स्टाफ की कमी के बारे में भी जल्द फैसला लेगी सरकार

आपको बतादें कि 2009 में नगर परिषद मंडी को नगर निगम का दर्जा देने की कवायद शुरू हुई थी, 11 सालों बाद यह कवायद सिरे चढ़ी है। नगर निगम के चुनावों में मंडी शहर की जनता ने भाजपा को जमकर समर्थन दिया है। वहीं भारतीय जनता पार्टी ने चुनावी घोषणा पत्र में नगर निगम के प्रत्येक वार्ड में गाड़ियों के लिए पार्किंग बनाए जाने की भी बात भी कही है।