सरकार की जनविरोधी नीतियों के करण गंभीर परिस्थितियों से गुज़र रहा देश : राठाैर

उज्जवल हिमाचल ब्यूराे। शिमला

प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष कुलदीप सिंह राठौर ने केंद्र सरकार के किसानों के साथ अड़ियल रवैये पर दुःख जताते हुए कहा है कि देश में पहली बार एक ऐसी निरकुंश सरकार बेठी है, जिसे न तो लोगों की कोई परवाह है और न ही देश की। आज देश जिन गंभीर परिस्थितियों से गुज़र रहा है, वह सब इसके जनविरोधी नीतियों का ही परिणाम है। राठौर ने उत्तर प्रदेश के मुजफ्फरनगर में आयोजित किसानों की महापंचायत को सरकार के प्रति एक बड़ा जन आक्रोश बताते हुए कहा कि सरकार किसानों के प्रति संवेदनहीन बनी हुई है। उन्होंने कहा कि किसान इस देश का अन्नदाता है और उसकी आवाज पूरे देश की आवाज है।

इनकी आवाज को दबाया नहीं जा सकता। राठौर ने कहा कि प्रदेश में सेब बागबानों के साथ भी सरकार का कमोबेश यही रवैया है।प्रदेश के बागबानों की कोई आवाज नहीं सुनी जा रही। उनकी उपेक्षा के चलते सरकार की ओर से उन्हें कोई भी मदद नहीं मिल रही है। बागबानों को पूरी तरह से निजी कंपनियों के हाथों में सौंप दिया है और वह अपनी मनमर्जी के चलते सेब के मूल्यों को तय कर रहें है। बागबानों को उनकी फसल का वाजिब दाम भी नहीं मिल रहा है। राठौर ने कहा कि केंद्र सरकार के काले तीन नए कृषि कानूनों ने देश की कृषि व बागबानी अर्थव्यवस्था को पूरी तरह से अस्त व्यस्त कर दिया है।

उन्होंने कहा कि किसानों व बागबानों को पूरी तरह से निजी कंपनियों व विचौलियों को सौंप दिया है, जहां वह इनकी मनमर्जी व शोषण का शिकार हो रहें है, सरकार ने अपनी आंखे मूंद रखी है।
राठौर ने कहा कि कांग्रेस किसानों बागबानों के साथ खड़ी है। उन्होंने कहा कि अभी तो उत्तर प्रदेश से ही भाजपा के खिलाफ जंग का एलान हुआ है। अब प्रदेश के बागवान भी इस जंग में उतरेंगे और भाजपा के खिलाफ निर्णायक लड़ाई लड़ी जाएगी।उन्होंने कहा कि प्रदेश कांग्रेस भाजपा की जनविरोधी नीतियों व निर्णयों के खिलाफ लोगों के साथ खड़ी है और उसे इस कुशासन से मुक्ति दिलाने के प्रति कृत संकल्प है।