बेटियों पर बढ़ रहे अपराधों के कारण देवभूमि हो रही बदनाम : शांता

उज्जवल हिमाचल ब्यूरो। पालमपुर

भाजपा के वरिष्ठ नेता एवं पूर्व मुख्यमंत्री शांता कुमार ने बेटियों के साथ शर्मनाक अपराध की घटनाओं को लेकर चिंता जाहिर की है। उनका कहना है कि बेटियों पर बढ़ रहे अपराधों के कारण देवभूमि भी बदनाम हो रही है। हिमाचल जैसे प्रदेश के आज के समाचार को पढ़कर व्यथित हूं। समझ नहीं आता क्या करूं और कहां भाग जाऊं।

शांता कुमार ने कहा कि कहानी कुछ वर्ष पहले हिमाचल के गुडि़या कांड से शुरू हुई, पूरे भारत का चक्कर लगाया, कहीं निकिता, कहीं हाथरस। एक नहीं सैकड़ों बेटियों के साथ भयंकर और शर्मनाक अपराध घटित हुए। इससे पूरा देश शर्मसार है। वहीं बेटियां भी भयभीत हैं।

उन्होंने कहा कि भारत जैसे कन्या का पूजन करने वाले देश के माथे पर इतना बड़ा कलंक का टिका इससे अधिक नहीं लग सकता। उन्होंने कहा कि हिमाचल के गुडिया कांड से शुरू वह शर्मनाक कहानी पूरे देश का चक्कर काटकर फिर हिमाचल के सलूनी में हुए कांड पर पहुंच गई। हिमाचल के इतिहास में गुडिया कांड पहला ऐसा कांड था, जिसमें जनता ने पुलिस थाना जलाया तथा पुलिस प्रमुख आइजी समेत सात पुलिस आफिसर जेल में रहे और आज भी हैं।