उपायुक्त ने महिलाओं काे कुलथी पंचायत में किया सम्मानित

उज्जवल हिमाचल। कांगड़ा

आज कांगड़ा के कुलथी पंचायत में नेहरू युवा केंद्र, ग्रास रूट एंपावरमेंट डिवेलपमेंट वाया यूथ इंडिया और पंचायत कुलथी की तरफ से मिलकर महिला दिवस का आयोजन किया गया। इस मौके पर डीसी कांगड़ा राकेश प्रजापति मुख्यातिथि के रुप में उपस्थित रहे। मुख्यातिथि का स्वागत नेहरू युवा केंद्र धर्मशाला से नरेश शर्मा, ग्रास रूट एंपावरमेंट से अनिल डोगरा, पंचायत प्रधान ममता भंडारी और नीलम चौधरी द्वारा किया गया। इस मौके पर महिलाओं द्वारा अनेक कार्यक्रमों का आयोजन भी किया गया। डीसी कांगड़ा द्वारा विभिन्न क्षेत्रों में उत्कृष्ट कार्य करने वाली महिलाओं व लड़कियों को सम्मानित किया गया।

जिनमें कोरोना के विकट समय में भी अपनी सेवाओं का बिना डरे निर्वहन करने वाली आशा वर्कर, आंगनबाड़ी कार्यकर्ता तथा अन्य महिलाएं रही। यह सम्मान इन महिलाओं को ग्रासरूट एंपावरमेंट डिवेलपमेंट वाया यूथ और नेहरू युवा केंद्र की तरफ से डीसी कांगड़ा द्वारा प्रदान किए गए। सम्मान पाने वाली महिलाओं में किरण देवी, नैना देवी, सरला देवी, कीमो देवी, मीनाक्षी देवी, सुनीता कुमारी, माया देवी, वीना देवी, रक्षा देवी, उषा कुमारी, निशा कुमारी, चंचला देवी, वर्षा कुमारी, मीना देवी, सुमन कुमारी और सुदेश कुमारी कोरोना वारियर्स के रूप में सम्मानित हुई। इसके साथ ही नीलम चौधरी और अनीता देवी को ग्रासरूट वूमेन ऑफ द ईयर के सम्मान से सम्मानित किया गया।

आंचल और सपना को यंग गर्ल ऑफ दी ईयर के सम्मान से सम्मानित किया गया। नीतिका और अक्षिता को बेस्ट स्टेज एंकरिंग के लिए सम्मानित किया गया। डीसी कांगड़ा ने मौके पर उपस्थित महिलाओं से अपने विचार सांझा किए और उन्होंने कहा प्रत्येक दिन महिलाओं का दिन है, केवल महिला दिवस के दिन ही महिलाओं का सम्मान ना हो अपितु हर दिन महिलाओं का सम्मान किया जाए यह भावना प्रत्येक के मन में होनी चाहिए।

डीसी कांगड़ा ने नेहरू युवा केंद्र और ग्रासरूट एंपावरमेंट डिवेलपमेंट वाया यूथ के कार्यों की प्रशंसा की। और भविष्य में इन्हें पूर्ण सहयोग देने का आश्वासन दिया। इस मौके पर डीसी कांगड़ा राकेश प्रजापति सहित नेहरू युवा केंद्र से नरेश शर्मा, ग्रासरूट एंपावरमेंट डिवेलपमेंट वाया यूथ से अनिल डोगरा, प्रधान कुलथी पंचायत ममता भंडारी तथा अन्य गणमान्य व्यक्ति उपस्थित रहे।