आपदा झेलने वाले 6 राज्यों को आर्थिक सहायता की घोषणा

उज्जवल हिमाचल। डेस्क
केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह की अध्यक्षता में उच्चस्तरीय कमिटी ने तूफान, बाढ़ और भूस्खलन से प्रभावित देश के 6 राज्यों के लिए आर्थिक सहायता की मंजूरी दी है।

इन राज्यों में पश्चिम बंगाल, ओडिशा, महाराष्ट्र, कर्नाटक, मध्यप्रदेश और सिक्किम के नाम शामिल हैं जिसे 4,381.88 करोड़ रुपए का फंड दिया गया है। इस वर्ष इन राज्यों में चक्रवाती तूफान एंफन और निसर्ग के अलावा बाढ़ और भूस्खलन का भी प्रकोप रहा। केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह की अगुवाई में उच्चस्तरीय आयोग ने राष्ट्रीय आपदा प्रबंधन कोष के तहत 6 राज्यों को अतिरिक्त केंद्रीय सहायता की मंजूरी दी है।

इस मंजूरी के बाद देश के 6 राज्यों को 4,381.88 करोड़ रुपए दिए जाएंगे। चक्रवाती तूफान एंफन से प्रभवित पश्चिम बंगाल को 2,707.77 करोड़ रुपए दिए गए हैं और ओडिशा को 128.23 करोड़ रुपए। वहीं, तूफान निसर्ग के लिए महाराष्ट्र को 268.59 करोड़ रुपए की सहायता दी जाएगी। दक्षिण-पश्चिम मानसून के दौरान बाढ़ और भूस्खलन का सामना करने वाले राज्य कर्नाटक को 577.84 करोड़ रुपए, मध्य प्रदेश को 611.61 करोड़ रुपए और सिक्किम को 87.84 करोड़ रुपए की सहायता दी जाएगी।